फोरलेन सड़क निर्माण के लिए 42 मकानों व दुकानों से हटाया अतिक्रमण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, भैरुंदा। सीहोर नाके से जेताजी स्कूल तक बनने वाले फोरलेन सड़क मार्ग को लेकर मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सड़क निर्माण में बाधक बन रहे 3 दर्जन से अधिक मकान व दुकानों का 12 से 15 फिट तक के कच्चे व पक्के अतिक्रमण को सख्ती से हटाना शुरु कर दिया हैं। अतिक्रमण हटाने के दौरान एसडीएम एमएल रघुवंशी, तहसीलदार सौरभ शर्मा, थाना प्रभारी गिरीश दुबे, नायब तहसील संदीप गौर सहित नप, राजस्व व पुलिस का संयुक्त अमला मौके पर मौजूद था। इस दौरान कई लोगों के द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन से समय मांगा गया, लेकिन प्रशासन ने सख्ती के साथ अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई जारी रखी। लगभग एक दर्जन से अधिक दो मंजिला पक्के अतिक्रमण को दो जेसीबी व एक पोकलेन मशीन की मदद से जमीदोंज किया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई पूरे दिन संचालित रही। आज बुधवार को भी अमले के द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 22 किमी. कोसमी से भैरूंदा सड़क का निर्माण 42 करोड़ की लागत से किया जा रहा था। इसी दौरान शहरवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के द्वारा भैरूंदा से जेताजी स्कूल तक 2.075 किमी. लंबी फोरलेन सड़क की स्वीकृति वर्ष 2023 के बजट में दी गई थी। जिसके चलतें इस सड़क का निर्माण पिछले माह निर्माण एजेंसी एसकॉन कंपनी दिल्ली ने शुरु कर दिया था। निर्माण एजेंसी ने जेताजी स्कूल से लेकर बीव्हीएम स्कूल तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया था, लेकिन सीहोर नाके तक अतिक्रमण होने के कारण सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पा रहा था। जिसे देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाये जाने की कार्रवाई शुरु की। जानकारी के मुताबिक उक्त सड़क का काम मार्च 2024 तक पूरा किया जाना है।

पांच दिन पूर्व सीमांकन कर थमाएं थे नोटिस

राजस्व व नप अमले के द्वारा सड़क निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमणकारियों को मौके से हटाने के लिए 5 दिन पूर्व सड़क का सीमांकन किया था। इस अवधि में भी लगभग दो दर्जन से अधिक अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी थमाए गए थे, जिसमें 3 दिवस के अंदर अतिक्रमण हटाये जाने का उल्लेख किया गया था। इस अवधि में 26 अतिक्रमणकारियों ने अपना कच्चा व पक्का अतिक्रमण हटा लिया था, लेकिन 16 लोगों द्वारा पक्का अतिक्रमण हटाने में आनाकानी की जा रही थी। मंगलवार को नोटिस की अवधि पूरी होते ही पुलिस, राजस्व व नप के संयुक्त अमले ने प्रोकलेन व जेसीबी मशीन की मदद से पक्के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रशासनिक अमले को देखकर कई अतिक्रमणकारियों ने अपने हाथो से ही पक्के अतिक्रमण तोड़ना शुरु कर दिये। इसके बाद भी प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण को हटाया।

दो परिवार बेघर हुए, तो दो सरकारी भवन भी हुए जमीदोंज

वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद सरोज कैलाश धावरे ने बताया कि अतिक्रमण मुहीम में वार्ड में निवासरत दो लोग रामप्यारी पति शंकरलाल विश्वकर्मा व सुनिल सूर्यवंशी का मकान पीएम आवास के तहत बनाया गया था, जो पूरी तरह से जमीदोंज हो चुका हैं। उक्त मकान अतिक्रमण के दायरे में था, जिससे प्रशासन से अन्य स्थान की मांग की गई हैं। इसके अलावा मुख्य सड़क पर दो सरकारी भवन सुलभ शौचालय व स्वास्थ्य भवन भी जमीदोंज हो चुके हैं। सड़क निर्माण के बाद मुख्य सड़क चौड़ी होने से खूबसूरती बड़ जाएगी।

12.58 करोड़ की लागत से बनेगी 2.075 किमी. लंबी फोरलेन सड़क

एमपीआरडीसी के प्रोजेक्ट मैनेजर नितेश झा ने जानकारी देते हुए बताया कि सीहोर नाके से जेताजी वर्ल्ड एकेडमी स्कूल तक एमपीआरडीसी द्वारा 2.075 किमी. फोरलेन सड़क का काम शुरु कर दिया गया हैं। उक्त कार्य का ठेका दिल्ली की कंट्रक्शन कंपनी मेसर्स एसकॉन को दिया गया है। उक्त सड़क 12.58 करोड़ की लागत से बनाई जाना प्रस्तावित हैं, जिसमें सड़क के दोनों साइड 4.158 किमी. की ड्रेन नाला बनाई जा रही हैं। वहीं सड़क के बीचों बीच जहां 2 मीटर का डिवाईडर बनाकर पौधे रोपित कर लाईटिंग की जायेगी तो वहीं डिवाईडर के दोनों साइड 7.5 मीटर की सड़क बनाई जाएगी। जिससे कि वाहनों का आवागमन आसानी के साथ हो सके। उक्त सड़क का काम मार्च 2024 तक निर्माण एजेंसी को हर हाल में पूर्ण करके देना हैं, जिसके लिए काम तेज गति से किया जा रहा है।

Views Today: 2

Total Views: 188

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!