हेलीपेड को लेकर बवाल…

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, बैतूल। जिले में 11 नवंबर को सीएम शिवराज सिंह चौहान की दो चुनावी सभाएं होने जा रही है। इसके लिए तैयारियां भी जारी है। दामजीपुरा एवं आमला में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने सीएम शिवराज शनिवार को पहुंचने वाले हैं। इसके पहले ही उनके प्राईवेट हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए बनाए जाने वाले हेलीपेड के स्थल को लेकर दामजीपुरा में बवाल मच गया है। जिस स्थान का चयन एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और पटवारी ने किया है वह एक किसान का खेत है और किसान ने खेत को बोवनी के लिए तैयार कर लिया है। अब किसान का कहना है कि वह हेलीपेड नहीं बनाने देेंगे। जिसके बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार हेलीपेड को लेकर एसडीओपी भूपेन्द्र सिंह मौर्य ने महिला किसान के साथ धक्का-मुक्की तक कर डाली। जिससे किसान और अधिक नाराज हो गए हैं। इस संबंध में जब कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को अवगत कराया गया तो उन्होंने दैनिक अनोखा तीर से चर्चा में यह बात कही कि किसान की सहमति के बिना उसकी जमीन पर हेलीपेड नहीं बनाया जाएगा। इस संबंध में तुरंत निर्देशित किया। यदि किसान तैयार नहीं हुए तो हेलीपेड दूसरी जगह बनाया जाएगा।

यह है पूरा मामला

सुबह 10 बजे प्रशासनिक टीम ने हेलीपेड बनाने के लिए दामजीपुरा के एक किसान की भूमि चिन्हित की। यह भूमि रबी की फसल की बोवनी के लिए तैयार कर ली है। महिला किसान कलाबाई बारस्कर एवं उनकी बेटी सुनीता बारस्कर का कहना है कि खेत में बोवनी करना है, इसलिए हेलीपेड बनाने से मना कर दिया। इसके बाद सुनीता एवं उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार एवं धक्का-मुक्की भी की गई। सुनीता ने बताया कि हेलीपेड बनाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा उनके खेत में पहुंची टीम द्वारा यह तक कहा जा रहा है कि जिस जमीन पर वह खेती कर रहे है वह उनकी नहीं सरकारी है। सुनीता का कहना है कि इस भूमि का उनके पास पट्टा है। उन्हें परेशान कर दबाव बनाया जा रहा है। उक्त मामला कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस के संज्ञान में लाने पर उन्होंने कहा कि किसान की सहमति के बिना हेलीपेड नहीं बनेगा। यदि वह राजी नहीं होगें तो हेलीपेड दूसरे स्थान का चयन कर बनाया जाएगा। खबर के अनुसार शाम 4 बजे तक मामला सुलझ नहीं सका था।

Views Today: 2

Total Views: 76

Leave a Reply

error: Content is protected !!