-इंदौर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ कार्यक्रम
अनोखा तीर, इंदौर। स्थानीय रीगल चौराहा स्थित प्रीतमलाल दुआ सभागार में बागली के प्रतिष्ठित उपाध्याय परिवार के साहित्य सृजनकर्ता, पत्रकार व स्पुतनिक के संपादक रहे स्व. सुरेश उपाध्याय की पावन स्मृति में ‘शब्द साधक पुस्तक लोकार्पण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रख्यात राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बागली विधायक मुरली भंवरा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में साप्ताहिक स्पूतनिक के संपादक बलराम अवस्थी मौजूद रहे। यह आयोजन स्व. सुरेश उपाध्याय की पुत्री श्वेता मनोज जोशी एवं उपाध्याय परिवार बागली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण स्व. सुरेश उपाध्याय के जीवन और कृतित्व पर आधारित पुस्तक शब्द साधक सुरेश उपाध्याय का लोकार्पण रहा। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने अपने करकमलों से इस कृति का विमोचन किया। वक्ताओं ने स्व. सुरेश उपाध्याय के पत्रकारिता और साहित्य के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान साहित्य, कला और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट महानुभावों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों द्वारा सम्मानित हस्तियों को प्रतीक चिन्ह, शॉल और श्रीफल भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया। शब्द साधक पुस्तक के संकलनकर्ता व लेखक अर्पण जैन व अधिवक्ता कर सलाहकार एसएन गोयल की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन अभिव्यक्ति मंच के सदस्य वारिस अली ने किया, जबकि आभार हाईकोर्ट बार के पूर्व अध्यक्ष रितेश ईनाणी ने माना। कार्यक्रम के अंत में अल्पाहार का आयोजन किया गया।







