बैंक खाते किराए पर लेकर साइबर फ्रॉड करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

हीरानगर पुलिस की कार्रवाई, सैकड़ों सिम कार्ड, एटीएम और बैंक पासबुक जब्त
-करीब दो करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई

अनोखा तीर, इंदौर। बैंक खातों को किराए पर लेकर उनके माध्यम से साइबर फ्रॉड और अवैध लेनदेन करने वाले गिरोह के खिलाफ हीरानगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर फ्रॉड में उपयोग किए गए सैकड़ों सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में इन खातों के माध्यम से करीब दो करोड़ रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, कुछ बड़े ट्रांजैक्शन करीब 40-40 लाख रुपये के भी पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर शहर में साइबर फ्रॉड संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और अज्ञात आरोपियों की पतारसी के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त जोन-3 अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ओमप्रकाश तथा सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर रुबिना मिजवानी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुशील पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
लोगों के नाम पर खुलवाते थे खाते
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा अन्य व्यक्तियों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते खुलवाए जा रहे हैं और इन खातों का उपयोग लाखों रुपये के अवैध लेनदेन के लिए किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपियों द्वारा उपयोग में लाए गए बड़ी संख्या में सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक बरामद की गईं। पुलिस ने भारत सरकार के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर खातों में हुए लेनदेन की जांच की, जिसमें करीब दो करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
पूर्व में भी जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ आरोपी पूर्व में भी साइबर फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के विरुद्ध पहले से कई अपराध दर्ज होने की जानकारी भी पुलिस ने दी है। मामले में फरियादी की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस को रिमांड मिलने के बाद उनसे अन्य साइबर फ्रॉड और बैंक खातों के लेनदेन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
सुरेन्द्र चौहान, पिता विजय सिंह चौहान, उम्र 40 वर्ष, निवासी नेहरूनगर, इंदौर।
-मोहित उर्फ अनमोल कुशवाह, पिता सुरेश कुशवाह, उम्र 24 वर्ष, निवासी पांचू कुम्हार की चाल, इंदौर।
-अमितेष रघुवंशी, पिता बाबूलाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी सिसोदिया कॉलोनी, गुना।
-श्याम रघुवंशी, पिता सीताराम रघुवंशी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम महाना, तहसील ईसागढ़, जिला अशोकनगर।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील पटेल, उपनिरीक्षक गौरव तिवारी, प्रधान आरक्षक कालीचरण, प्रधान आरक्षक देवेंद्र, आरक्षक विश्वरतन एवं आरक्षक अजय की सराहनीय भूमिका रही।

0 Views

Leave a Reply