हरदा के वरिष्ठ भाजपा नेता शिवनारायण टांक का निधन

अनोखा तीर, हरदा। हरदा क्षेत्र में भाजपा की नीव के पत्थर कहलान वाले नेताओं में मुख्य भूमिका निभाने वाले मीसाबंदी रहे शिवनारायण टांक का आज देवलोक गमन हो गया। शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता तथा रेडक्रॉस सोसायटी हरदा के अध्यक्ष प्रकाशचंद्र टांक के पिता शिवनारायण टांक भारतीय जनसंघ के समय से राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका में रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के गठन पश्चात 1980 में जब पहली बार भाजपा चुनाव मैदान में उतरी थी तब हरदा विधानसभा क्षेत्र से शिवनारायण टांक को अपना प्रतिनिधि बनाया था। उन्होंने इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विष्णु राजोरिया के सामने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में श्री टांक मात्र 2114 मतो के अंतर से चुनाव हार गए थे। यहां उल्लेखनीय है कि जब भारतीय जनता पार्टी को कार्यकर्ता ढूंढें से भी नहीं मिलते थे, ऐसे समय में शिवनारायण टांक पूरे दमखम से पार्टी का ध्वज थामे हुए थे। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी तय करने तथा उसकी जीत सुनिश्चित करने में श्री टांक की राय महत्वपूर्ण हुआ करती थी। जब मध्यप्रदेश में स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा के नेतृत्व में सरकार बनी थी, तब श्री टांक को हरदा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया था। एक स्पष्टवादी, सैद्धांतिक मूल्यो पर चलने वाले दबंग नेता के तौर लंबे समय अपनी छाप कायम किए भाजपा के ऐसे दिग्गज नेता ने आज अपने निज निवास हरदा में लंबी बीमारी के चलते अंतिम सांस ली। वह अपने पीछे पुत्र उत्तम टांक, प्रकाशचंद टांक एवं महेश टांक का भरा-पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा और एक समाजसेवी के रुप में पहचान कायम हुई थी, वह वर्तमान समय में राजनीतिक क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हो सकती है। शहर में टांक बंधु परिवार के नाम से आज उनका परिवार पूरे क्षेत्र में अपनी अलग पहचान कायम किए हुए हैं। भाजपा के ऐसे निष्ठावान नेता के निधन पर दैनिक अनोखा तीर परिवार अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

0 Views

Leave a Reply