Skip to content
Saturday, 10 October 2026
बैतूल

तिरंगा रैली: बैतूल में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

3 min read
Text Size:

देशभक्ति गीतों और वंदे मातरम के नारों से गूंजा बैतूल, 10 हजार से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

—

नागरिक, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि,अधिकारी कर्मचारी और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक की सहभागिता

—

देशभक्ति गीतों पर थिरके सभी

—

     राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत बैतूल में आज भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित रैली में नागरिकों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और स्कूली विद्यार्थियों सहित 10 हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे शहर में देशभक्ति का सैलाब नजर आया और वंदे मातरम तथा भारत माता की जय के नारों से बैतूल गूंज उठा।

    रैली का शुभारंभ शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वीरांगना रानी दुर्गावती और वीर छत्रपति शिवाजी महाराज को भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। रैली लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से प्रारंभ होकर शिवाजी चौक, एसपी ऑफिस, कन्या विद्यालय गंज के सामने से टांगा चौक, दिलबहार चौक, रेलवे स्टेशन, मैकेनिक चौक, आदिवासी मंगल भवन, कारगिल चौक और अंबेडकर चौक होते हुए शिवाजी ऑडिटोरियम पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ।

       रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और नागरिकों द्वारा स्वागत स्टॉल लगाए गए। तिरंगा रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच नागरिकों में गजब का उत्साह नजर आया। देशभक्ति गीतों पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, पूर्व सैनिक और स्कूली विद्यार्थी भी उत्साहपूर्वक थिरकते नजर आए। कारगिल चौक पर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

       रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, सीएमओ श्री नवनीत पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का लें संकल्प : केंद्रीय राज्यमंत्री श्री उईके

      केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कहा कि भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास से मनाने की दिशा में देशभर में हर घर तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति और सामाजिक चेतना की भावना जागृत करना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना है।

    उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है। आज हम जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, वह हमारे वीर नायकों के तप, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का स्वर्णिम राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

    रैली के आयोजन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। पूरे मार्ग में सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ तिरंगा रैली का सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया गया। इस दौरान श्री विक्रम वैद्य, श्री कृष्ण गायिकी, श्री विकास मिश्रा, श्री अतीत पवार, श्री कमलेश सिंह सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply