अनोखा तीर, भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को गुना में भाजपा प्रत्याशी प्रियंका मीणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, आपने आज गदा भेंट किया है, मैं आपको वचन देता हूं अत्याचार करने वाली कांग्रेस की लंका हम इस गदा से ध्वस्त कर देंगे। सीएम शिवराज ने कहा कि, भाजपा सरकार ने किसानों के खाते में अलग-अलग पैसा दिया है, लेकिन कांग्रेस ने केवल मूर्ख बनाया है। किसानों का कर्जमाफ और पता नहीं कितने वादे किए। अब फिर से वादे लेकर आए। ये झूठे वादे करने वाली कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी थी। आज मैं आप सभी को सावधान करना चाहता हूं कि, अगर कांग्रेस की सरकार आई तो वह लाड़ली बहना योजना समेत सभी योजनाएं बंद कर देगी।
कमलनाथ को दे दी एमपी में टिकट बांटने की फ्रेंचाइजी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कांग्रेस और कमलनाथ पर जमकर हमला बोला। श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कमलनाथ को टिकट बांटने की फ्रेंचाइजी दे दी है। फ्रेंचाइजी लेकर कमलनाथ जी किसी की नहीं सुन रहे हैं। कमलनाथ खुद ही सर्वे करा रहे हैं और खुद ही टिकट बांट रहे हैं। दिल्ली का सर्वे नहीं, दिल्ली की सुनना नहीं, इडी गठबंधन का पता नहीं, उस गठबंधन को अपमानित करने का काम कर रहे हैं। अब वो ना तो इडी गठबंधन वालों की सुन रहे हैं, ना खड़गे जी की सुन रहे हैं, ना वो मैडम सोनिया गांधी की सुन रहे, न राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जी की सुन रहे हैं। वे तो अपने व अपने पुत्रों को स्थापित करने के काम में लगे हैं। इधर कमलनाथ नकुलनाथ को स्थापित कर रहे हैं, उधर दिग्विजय जी जयवर्धन को स्थापित कर रहे हैं।
मैं विकास का नारियल लेकर चलता हूं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कमलनाथ जी कहते हैं कि मैं नारियल लेकर चल रहा हूं। हां, मैं विकास का नारियल लेकर चलता हूं। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मैं सिंचाई की योजनाएं स्वीकृत करता हूं तो नारियल फोड़ता हूं, सड़कों की योजना बनाता हूं, शिलान्यास करता हूं तो नारियल फोड़ता हूं, सीएम राइज स्कूल, मेडिकल कॉलेज, ग्लोबल स्किल पार्क, नए अस्पताल और जन कल्याण की योजनाएं बनाता हूं, इसलिए नारियल फोड़ता हूं। लाड़ली बहना योजना बनाई, लाड़ली लक्ष्मी बनाई, मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना बनाई। कितनी योजनाएं मैंने बनाई। कमलनाथ जी आपने क्या बनाया।
कमलनाथ जी ताला लेकर चलते हैं
सीएम शिवराज ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर मैं नारियल लेकर चलता हूं, तो वो ताला लेकर चलते हैं और सत्ता में आने पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करके ताला डाल देते हैं। सवा साल कमलनाथ की सरकार बनी तो बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के आहार अनुदान पर ताला डाल दिया। ये मुख्यमंत्री बनें तो संबल योजना पर ताला डाल दिया, गरीबों के कल्याण की योजना, संबल पर ताला डाल दिया। इनकी सरकार आई इन्होंने मेरे बच्चों की साइकिल की योजना बंद करके ताला डाल दिया, लैपटॉप योजना बंद करके उस पर भी ताला डाल दिया, इन्होंने तो कन्या विवाह करके बेटियों को पैसा नहीं दिया और उनके भविष्य पर भी ताला डाल दिया। इतना ही नहीं बुजुर्गों के लिए तीर्थ दर्शन योजना बनाई वो योजना भी बंद करके, उस पर भी ताला डाल दिया।
लाड़ली बहनों की आंखों में आंसू नहीं रहेंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली बहनों के आंखों में आंसु नहीं रहेंगे। लाड़ली बहना योजना के तहत अभी बहनों के खातो में 1250 आ रहें हैं, लेकिन इस राशि को बढ़ाकर 1500, फिर 1750 इसके बाद 2000 और चरणबद्ध तरीके से इस राशि को 3000 रूपए तक किया जाएगा। इतना ही नहीं जिन बहनों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना में रह गए हैं, ऐसी बहनों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना बनाई गई है। जो बहने शेष रह गई हैं, चुनाव के बाद उन बहनों का भी नाम जोड़कर उन्हें पक्के मकान दिए जाएंगे।
भाजपा को जिताएं, कमल खिलाएं
श्री चौहान ने जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जिताना है, भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र पार्टी है जो जनहित की कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीबों का कल्याण करती है और हर क्षेत्र में विकास के कार्य करती है। उन्होंने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है, मध्यप्रदेश भी उनके मार्गदर्शन में विकास पथ पर अगसर है, विकास की इस गति को बनाएं रखना है और भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जिताना है।
Views Today: 2
Total Views: 32