इंडिया गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं उससे ज्यादा उनके नेताओं में मतभेद : नकवी

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

अनोखा तीर, खंडवा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता मुख्तार अब्बास नकवी मंगलवार शाम खंडवा पहुंचे। उन्होंने सर्किट हाउस में कोर समिति की बैठक लेकर पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर चर्चा भी की। वे अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भी मिले। सुनील जैन ने बताया कि मंत्री अब्बास नकवी को विधानसभा चुनाव के मद्देनजर खंडवा जिले का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के कार्यों और प्रगति की समीक्षा करने के लिए नकवी मंगलवार को दौरे पर पहुंचे। जहां सर्किट हाउस में उन्होंने स्थानीय बीजेपी नेताओं से मुलाकात की। साथ ही मीडिया से बातचीत करते हुए जातिगत जनगणना के सवाल पर कांग्रेस को जमकर घेरा। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि यह कांग्रेस का काम है, कांग्रेस चुनावों के समय इसी तरह की राजनीति करती है। बीजेपी सभी वर्गों को साथ में लेकर चलती है और सबका साथ सबका विकास के उद्देश्य को ध्यान में रखती है। वहीं हाल ही में बने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं, उससे ज्यादा उनके नेताओं में मतभेद हैं। पहले वह छेद को रफू करें, अपने नेताओं के मतभेद को रफू करें, उसके बाद बात करें। नकवी ने बताया कि आगामी चुनावों को लेकर हमारी पार्टी में अलग-अलग क्षेत्र में पार्टी के अलग-अलग कार्यकर्ताओं को भेजा है। पार्टी ने मुझे खंडवा जिले की जिम्मेदारी दी है जिसमें मैं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ मिल करके पार्टी को मजबूत करने का काम करूंगा। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि हम सब मिलकर मध्य प्रदेश में कमल खिलाने का काम करेंगे। आरक्षण को लेकर नकवी ने कहा कि देश की पीड़ित, शोषित तथा वंचित वर्ग के उत्थान के लिए हमारी सरकार हमेशा सजग रहती है और संविधान द्वारा दिए गए। आरक्षण का लाभ आरक्षित वर्ग को पूर्णरूपेण मिले यह सुनिश्चित किया है। भारतीय जनता पार्टी और हमारी सरकारों ने आमजन के हित में योजनाएं बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है सबका साथ सबका विकास। उन्होंने कहा कि हमने कभी योजना बनाने में भेदभाव नहीं किया है। कोई-कंजूसी नहीं की। इसलिए लोगों को भी यह समझना होगा कि वह वोट देने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। खंडवा पहुंचने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री नकवी का स्वागत जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, प्रभारी मंत्री उषा ठाकुर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक देवेंद्र वर्मा, राम दांगोरे, महापौर अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष कंचन तंनवे, महामंत्री राजेश तिवारी, अरुण सिंह मुन्ना, सुनील जैन, फाजिल पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया।

Views Today: 2

Total Views: 94

Leave a Reply

error: Content is protected !!