
अनोखा तीर, सिवनी मालवा। नगर में शनिवार को मेरी माटी मेरा देश स्वाधीनता दिवस पखवाड़े अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा मध्यप्रदेश के आव्हान पर विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा की शुरूआत में सबसे पहले दीप प्रज्ज्वलित करते हुए भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर पूजन की गई। तत्पश्चात कृषि उपज मंडी बानापुरा में किसानों को संबोधित किया गया। उसके बाद विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा कृषि उपज मंडी से होते हुए नगर के शिवराज पार्क पहुंची। क्षेत्र के किसानों ने लगभग 1000 ट्रैक्टर पर तिरंगा झंडा लगाकर विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में सहभागिता दी। विधायक ने क्षेत्र के किसानों को विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में सम्मिलित होने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि शिवराज सरकार ने किसानों की सरकार है। सरकार द्वारा किसान भाईयों के लिए अनेकों योजनाएं चलाई हैं। जिससे हमारे किसानों की आय दोगुनी हुई है। इस अवसर पर अपने संबोधन में युवा नेता यशवंत पटेल ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव पर भाजपा किसान मोर्चा, सभी भाजपा के नेताओं एवं क्षेत्र के किसानों के सहयोग से तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन हुआ। विशाल तिरंगा ट्रैक्टर यात्रा में यशवंत पटेल, शम्भू सिंह भाटी, विधायक प्रतिनिधि दिनेश मेहतो सहित गणमान्य किसान उपस्थित रहे।

