Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

दूध की खपत बढ़ी, घटती जा रही दुधारू पशुओं की संख्या

3 min read
04 8

-महंगे पशु आहार और मजदूरों की कमी से पशुपालन हुआ मुश्किल
-भविष्य में खड़ा हो सकता है दूध का संकट

अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में दूध की खपत लगातार बढ़ रही है, लेकिन दुधारू पशुओं की संख्या घटती जा रही है। कभी गांवों के अधिकांश किसानों के घरों में गाय और भैंस पाली जाती थीं, लेकिन अब महंगे पशु आहार, पशुओं की बढ़ती कीमत और मजदूरों की कमी के चलते पशुपालन से किसानों का मोहभंग होने लगा है। इसका असर दूध की उपलब्धता पर भी दिखाई देने लगा है। एक समय गांवों में मुर्रा भैंस, जर्सी, होलस्टीन और देसी गाय पालने का चलन था। पशुओं से दूध के साथ खेतों के लिए गोबर की खाद भी मिलती थी। लेकिन खेती में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के बढ़ते उपयोग के साथ पशुपालन का महत्व कम होता गया। अब ग्रामीण परिवार दूध के लिए डेयरी और पीएमसी सेंटरों पर निर्भर होते जा रहे हैं।
महंगा चारा और मजदूरी बनी परेशानी
किसान भागीरथ भायरे और राधेश्याम पाटिल के अनुसार पिछले दस वर्षों में पशु आहार की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है। पहले खली का बोरा करीब 400 रुपए में मिलता था, जो अब 2500 रुपए तक पहुंच गया है। भूसे और अन्य पशु आहार के दाम भी बढ़े हैं। वहीं पशुओं की देखभाल के लिए मजदूर मिलना मुश्किल हो गया है। पहले मजदूर को महीनेभर में तीन मन गेहूं दिया जाता था, अब सात मन तक देना पड़ रहा है। पशुपालक परसराम पाटिल बताते हैं कि गाय की कीमत पहले 10 से 12 हजार रुपए थी, जो अब 40 से 45 हजार रुपए तक पहुंच गई है। अच्छी नस्ल की भैंस 90 हजार से दो लाख रुपए तक मिल रही है। बढ़ती लागत के कारण पशुपालन छोटे किसानों के लिए मुश्किल होता जा रहा है।
दूध और देसी घी के दामों पर असर
ग्रामीण क्षेत्रों में दूध की मांग बढ़ने से डेयरी पर निर्भरता भी बढ़ी है। गाय का दूध 35 से 45 रुपए और भैंस का दूध 55 से 70 रुपए प्रति लीटर तक मिल रहा है। वहीं देसी घी की कीमत 800 से 2000 रुपए किलो तक पहुंच गई है। पहले गांव से प्रतिदिन करीब 500 लीटर दूध हरदा डेयरी पहुंचता था, लेकिन अब स्थानीय खपत बढ़ने से दूध की उपलब्धता का समीकरण बदल रहा है।
पशुपालन को प्रोत्साहन देने की जरूरत
पशुधन में कमी का असर केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे खेतों में गोबर की खाद की उपलब्धता भी घट रही है और किसानों की रासायनिक खादों पर निर्भरता बढ़ रही है। ऐसे में पशुपालन विभाग को पशुपालकों के लिए प्रभावी योजनाएं लागू करने, पशु आहार पर सहायता देने और बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि पशुपालन फिर से किसानों के लिए लाभकारी बन सके।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply