Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

खराब सड़क और ब्रेकर पर उछली बाइक, हादसे में महिला की मौत

2 min read
05 9

-पति घायल, हरदा से मांदला जाते समय काकरिया बस स्टैंड के पास हुआ हादसा

अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर खराब सड़क और अव्यवस्थित ब्रेकर वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बुधवार दोपहर हरदा से मांदला जा रहे बाइक सवार दंपति सड़क की बदहाली के चलते हादसे का शिकार हो गए। कांकरिया बस स्टैंड के पास ब्रेकर पर बाइक उछलकर अनियंत्रित हो गई, जिससे पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। पुलिस के अनुसार विनोद पिता कंछेदीलाल जैन अपनी पत्नी स्नेहलता के साथ मांदला में अपने मामा के बेटे की अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान काकरिया बस स्टैंड के पास बने ब्रेकर पर बाइक उछल गई और चालक नियंत्रण खो बैठा। बाइक गिरने से दोनों पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में स्नेहलता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद परिचितों ने तत्काल उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद स्नेहलता को मृत घोषित कर दिया। वहीं विनोद जैन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
सड़क की बदहाली पर फिर उठे सवाल
स्टेट हाईवे पर खराब सड़क और ब्रेकरों की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क पर बने ब्रेकरों की बनावट, ऊंचाई और संकेतक व्यवस्था की अनदेखी वाहन चालकों के लिए खतरा बन सकती है। इस हादसे ने सड़क की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की हकीकत उजागर कर दी है। अब जरूरी है कि संबंधित विभाग दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण कर सड़क की मरम्मत, ब्रेकरों का मानक के अनुरूप सुधार और चेतावनी संकेतक लगाने की कार्रवाई करे, ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply