हरदा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि लोग जो कहते हैं वह सरकार करती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान सीहोर जिले के छीपानेर में छोटे छीपानेर से बड़े छीपानेर को जोड़ने वाले 38 करोड़ 66 लाख 92 हजार रूपए की लागत से निर्मित “रामलखन सेतु” के लोकार्पण के साथ कुल 63 करोड़ 49 लाख रूपये के कार्यों का भूमि-पूजन और 67 करोड़ 63 लाख रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण करने के बाद ग्रामीणों से संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छीपानेर सहित आसपास के गाँव में सिंचाई के लिए प्रेशर पाइप डाले जाएंगे और इसके लिए अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जायेगी। उन्होंने कहा कि चाहे पीने का हो या सिंचाई का पानी, नर्मदा मैय्या से प्रार्थना कर घर और खेतों तक पानी पहुँचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार की तरह सरकार चलाने का मतलब है हर सुख-दुख में साथ होना। एक तरफ विकास और दूसरी तरफ जन-कल्याण ही सरकार का संकल्प है। इससे पहले कृषि मत्री कमल पटेल ने छोटी छीपानेर से बड़ी छीपानेर के बीच यानी हरदा और सीहोर तथा भोपाल को जोड़ने वाले राम-लक्ष्मण सेतु के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विकास के नए द्वार खुलेंगे। उन्होंने राज्य सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री को “जन नायक” बताया।

