महिला सशक्तवाहिनी की बदौलत दिव्या बनी प्राथमिक शिक्षक  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनाÓ अंतर्गत जिले में महिला सशक्त वाहिनी कक्षाएं संचालित की जा रही है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं योजना के तहत द्वितीय बैच से हरदा निवासी दिव्या चौरसिया का प्राथमिक शिक्षक के पद पर चयन हुआ है। शिक्षक के पद पर चयनित होकर बेटी दिव्या चौरसिया बहुत खुश है। दिव्या बताती है कि उसका सपना बड़ा अधिकारी बनने का है, इसलिए अभी भी वह पढ़ाई करती रहती है। उसके पिताजी मजदूरी करते हैं, माता जी गृहणी है। दिव्या गरीब परिवार से होने के कारण महंगी कोचिंग में एडमिशन नही ले सकती थी। इस कारण महिला सशक्त वाहिनी कक्षा से नि:शुल्क पुस्तके एवं स्टेशनरी प्राप्त हुई है। प्राप्त पुस्तकों से दिव्या ने लग्न व मेहनत से प्रतिदिन 05-07 घंटे अध्ययन कर लिखित परीक्षा की तैयारी की। दिव्या बताती है कि सशक्त वाहिनी कक्षा से दिव्या को नि:शुल्क लिखित परीक्षा की तैयारी व फिजिकल परीक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है, इस सफलता के पीछे बेटी बचाओ-बेटी पढाओ अंतर्गत संचालित कक्षा महिला सशक्त वाहिनी का विशेष योगदान है। दिव्या कहती है कि वह अब अपने पैरों पर खड़ी हो गई है तथा अब वह अपने घर की जिम्मेदारी भी वहन कर सकेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग संजय त्रिपाठी ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संचालित इन कक्षाओं में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण बालिकाओं को शासकीय सेवा में चयन हेतु लिखित परीक्षा के लिए सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान, सामान्य अध्ययन एवं अन्य विषय की तैयारी कराई जाती है। साथ ही फिजिकल परीक्षा के लिए प्रशिक्षण हेतु गोला फेंक, दौड़ एवं लम्बी कूद आदि की तैयारी भी कराई जाती है। ये कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से 11 बजे तक बाल गृह भवन बायपास चौराहा इन्दौर रोड हरदा में संचालित है तथा शनिवार व रविवार को खेल विभाग, होमगार्ड व पुलिस विभाग के सहयोग से नि:शुल्क फिजिकल प्रशिक्षण नेहरू स्टेडियम में दिया जा रहा है।

101 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!