खंडवा- देशभर के कई राज्यों में बारिश के बाद बाढ़ के हालात हैं। नदी नाले उफान पर है। वहीं जिले में भी एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं। ये वीडियो जिले के खालवा के ग्राम लखौरा का बताया जा रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में लोग गांव की नदी पर बने पुल को लापरवाही पूर्वक जान जोखिम में डाल पार करने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि पुल पर से पानी का बहाव काफी तेज है, जो इंसान को पत्ते की तरह बहा कर ले जाने वाला है।
इस खतरनाक दृश्य के बावजूद लोग जल्दी में जान गवाने को आमादा है। वीडियो सामने आने के बाद अपर कलेक्टर काशीराम बड़ोले ने बताया कि नगर पालिका स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक के सभी अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं, कि वह बारिश के मौसम में इस बात का ध्यान रखें कि आम लोग किसी ऐसी नदी या नालें को पार ना करें जिस पर से पानी बह रहा हो। लेकिन इसके बावजूद कुछ जगह लोग ऐसा कर रहे हैं। उनसे अपील है, कि वह अपनी जान जोखिम में ना डालें।

