Skip to content
Monday, 23 November 2026
खंडवा

सावन सोमवार : जिले के शिव मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

3 min read

खंडवा/ओंकारेश्वर- जिले भर में सावन महीने के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बारह ज्योर्तिलिंग में से एक स्वयंभु भगवान ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग में सावन महीने के पहले सोमवार भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे। गेंदे और गुलाब के फूलों से ओंकार महाराज का भव्य श्रृंगार किया गया। प्रात:कालीन आरती में भगवान को फलों का नैवेद्य लगाया गया। इसके बाद सुबह 5 बजे श्रृंगार के बाद भक्तों के दर्शन प्रारंभ हुए। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने कतार में लग भगवान के दर्शन किए। सोमवार होने से डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाई और ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए।

इधर शहर में अलसुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरु हो गई थी जो देर शाम तक जारी रही। श्रद्धालुओं ने दूध जल से शिवलिंग का अभिषेक करने के साथ बिल्व पत्र चढ़ाकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि खुशहाली की मनोकामना की। वहीं मंदिरों में दिन भर भजन-कीर्तन का दौर भी चलता रहा। शहर में स्थित शिवालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। वहीं भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार मंदिरों में किया गया। शाम को आसमान पर छाए काले बादलों से रूक-रूक कर रिमझिम बारिश होती रही।

श्रद्धालु मंदिरों में लगी कतार में लोटे में जल लेकर भगवान को अर्पित करने के लिए ललायित दिखे। सुबह से ही हरहर महादेव का घोष होने लगा। बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने पूजा अर्चना की। सोमवार का दिन भगवान शिव का दिन है। वह भी सावन का सोमवार हो तो आस्था दोगुनी हो जाती है। इस बार श्रावण मास की शुरुआत  हुई। जिस वजह से प्रथम सोमवार शिव मंदिरों में भीड़ उमड़ना स्वाभाविक था।
शहर के प्राचीन चार पदमकुण्ड, सूरजकुण्ड, भीमकुण्ड, रामेश्वर कुण्ड में विराजमान भोलेनाथ की पूजा अर्चना के लिए भी भक्त पहुंचे। वहीं नगर के अन्य शिव मंदिरों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा।  मनोकामनेश्वर हनुमान मंदिर किशोर नगर में प्रथम श्रावण सोमवार के उपलक्ष्य पर सैकड़ों भक्तो ने  मनोकामनेश्वर महादेव जी के दर्शन एवं पार्थेश्वर पुजन किया। वहीं मेडिकल कालोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का फूलों से विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई।
पालकी में सवार होकर निकले ओंकारेश्वर-ममलेश्वर महोदव


सावन के प्रथम सोमवार ओंकारजी महाराज नगर भ्रमण करने पालकी में सवार होकर निकले। हजारों भक्तों ने ज्योतिर्लिंग भगवान का अभिवादन किया। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को ओंकारजी महाराज और श्री ममलेश्वर जी की महासवारी तीर्थ नगर में निकाली गई। अपराह्न 4 बजे दोनों पालकियां घाटो पर पंहुची। विद्वान पंडितों के द्वारा पूजा अभिषेक आरती के पश्चात पवित्र नर्मदाजी में नोका विहार कराया गया। गौमुख घाट से नगर भ्रमण के लिए ढोल धमाकों के साथ धूमधाम से भक्तों की जय जयकार के बीच पालकी रवाना हुई। गणगौर घाट, गांधी चौक, मेन मार्केट, जेपी चौक और पुराने पुल के ऊपर ओमकारेश्वर के मुख्य बाजार में होते रात्रि 9 बजे वापस मंदिरों में पहुंची। मार्ग में भोले शंभू भोलेनाथ का उद्घोष करते हुए भक्त नाचते रहे। भाव विभोर होकर भक्तों ने ज्योतिर्लिंग भगवानों को निहारा और कपूर आरती उतार कर पुष्प व गुलाल उड़ा कर अभिवादन किया।

227 Views
227 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply