अनोखा तीर, हरदा। जून माह के पहले सप्ताह छीपाबड़ पुलिस थाना अंतर्गत ग्राम खमलाय में पूर्व सरपंच एवं भाजपा नेता के यहां डकैती की बड़ी वारदात से पूरा पुलिस महकमा चौकन्ना हो गया। लंबे समय के बाद हरदा जिले में हथियारबंद गिरोह द्वारा लगभग 40 लाख रुपए की डकैती को लेकर पुलिस कप्तान संजीव कुमार कंचन ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जिले एवं जिले के बाहर अन्य प्रदेशों तक सूचना तंत्र का जाल बिछाया। टीम की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते एक माह के भीतर एक बड़े अंतर्राज्यीय डकैत गैंग को पकड़ने में हरदा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। इस टीम में खंडवा पुलिस के एक सदस्य ने भी महती योगदान किया। ज्ञात रहे कि खमलाय की डकैती को लेकर महकमे के डीआईजी ने भी ग्राम का दौरा कर जरूरी निर्देश दिए थे। इसके बाद आरोपियों की सूचना देने वालों को 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। मगर इसके पूर्व ही पुलिस अपने तंत्र से गिरोह के सरगना सहित दो अन्य आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल कर ली। बहरहाल एसआईटी को अभी पांच अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ व अन्य जानकारी के आधार पर पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने बनाई एसआईटी
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी संजीव कुमार कंचन द्वारा छीपाबड़ एसडीओपी उदयभान सिंह के साथ छीपाबड़ नगर निरीक्षक प्रवीण चढोकर, सिविल लाइन पुलिस थाने के निरीक्षक राजेश साहू, टिमरनी थाने के निरीक्षक सुशील पटेल, उपनिरीक्षक मनोज दुबे, संतोष श्रीवास्तव, सीताराम पटेल, अविनाश पारधी, संदीप जाट, मांगीलाल ठाकरे, एएसआई राजेश रघुवंशी, कौशल दीक्षित, सतोष बामने, संजय शर्मा, रामभोग शर्मा, प्रधान आरक्षक तुषार धनगर, मनोज रघुवंशी, बृजेश साहू, योगेश पटेल, राजेश मालवीय, आरक्षक सृजन ठाकुर, अशोक बारिया, महेश कुसारिया, कमलेश परिहार, मनोज दोहरे, लोकेश सातपुते, उमेश पंवार, मयंक एवं खंडवा के आरक्षक महेन्द्र वर्मा की एसआईटी गठित की गई।
क्या थी घटना
जानकारी के अनुसार गत माह 6 जून को छीपाबड़ थानांतर्गत ग्राम खमलाय के फरियादी आदित्य विश्नोई ने छीपाबड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रात्रि में उसके घर पर 5 अज्ञात बदमाशों ने आकर उसके हाथ मुंह बांधकर, कट्टा दिखाकर सोने के जेवरात एवं नगदी 20 हजार रुपये ले गए। इस पर थाने में अपराध क्रमांक 274/ 23 धारा 395, 397 भादवि का कायम कर विवेचना मे लिया गया। फरियादी द्वारा कुल 900 ग्राम पुराने आभूषण जिनकी कीमत 39 लाख रुपये की रसीद प्रस्तुत की।
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद पुलिस दल द्वारा घटनास्थल के आसपास का सूक्ष्म निरीक्षण कर अपने मुखबिरतंत्र व तकनीकि से अपराध घटित करने वाले अपराधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। पुलिस द्वारा आसपास के जिलों से लूट डकैती के अपराधियों की जानकारी संग्रहित की गई। वहीं घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी तरीकों से अपना जाल बिछाया गया। इस क्रम में अंतर्राज्यीय अपराधी श्याम पिता माधव सिंह निवासी बिहार को गिरफ्तार कर घटना के संबंध में पूछताछ की। उसके द्वारा स्वयं डकैती की घटना में शामिल होना कबूला गया। उसने अपने अन्य साथियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। श्याम से मिली जानकारी के आधार पर इस डकैती के मुख्य सूत्रधार बाबूलाल पिता नागी राखण्डे निवासी कबाडिया नगर भूसावल जिला जलगावं महाराष्ट्र को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो उसने भी जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर कुल 581 ग्राम सोने के जेवर कीमत करीब 34 लाख को विधिवत जप्त किया गया। जानकारी के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश पतारसी जारी है।
Views Today: 2
Total Views: 168

