Skip to content
Monday, 26 October 2026
भोपाल

उप राष्ट्रपति माँ नर्मदा की भव्य आरती में हुए भाव-विभोर

2 min read
Text Size:

भोपाल – उप राष्ट्रपति  जगदीप धनखड़ सपत्नीक संस्कारधानी जबलपुर में पुण्य-सलिला माँ नर्मदा की अलौकिक छटा बिखेर रहे पवित्र ग्वारीघाट में  शाम माँ नर्मदा की महाआरती में शामिल हुए और आरती की भव्यता देख भाव-विभोर हो गये। उनके साथ राज्यपाल  मंगुभाई पटेल भी माँ नर्मदा की आरती में शामिल हुए।

उप राष्ट्रपति  धनखड़ ने स्वस्ति-वाचन, हर-हर नर्मदे, माँ नर्मदा के जयकारों और नर्मदाष्टकम् के श्लोकों की गूँज के बीच पूरे विधि- विधान से पुरोहितों की मौजूदगी में मॉं नर्मदा की पूजा-अर्चना और आरती कर देश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान 12 वर्षीय लाड़ली लक्ष्मी तेजस्विनी दुबे ने सभी को माँ नर्मदा को साफ एवं स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उप राष्ट्रपति ने माँ नर्मदा के विग्रह को शिरोधार्य किया और शीश नवा कर प्रणाम किया।

पवित्र ग्वारीघाट का कोना-कोना फूलों और रंगों से बनी रांगोली से सजा था और दीपों से जगमगा रहा था। विद्युतीय साज-सज्जा की दूधिया रोशनी की जगमगाहट के बीच जब पाँच अर्चकों ने नर्मदा महाआरती को भव्यता दी, तो धर्म, अध्यात्म, आस्था और श्रद्धा से ग्वारीघाट का पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

माँ नर्मदा की भव्य आरती में केन्द्रीय खाद्य प्र-संस्करण उद्योग एवं जल शक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और प्रदेश के आयुष (स्वतंत्र प्रभार), जल-संसाधन राज्य मंत्री राम किशोर ” नानो ” कांवरे तथा सांसद राकेश सिंह एवं राज्य सभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकी शामिल हुए।

145 Views
What do you think?

Leave a Reply