-आज से 26 अक्टूबर तक दो मिनट का अस्थायी ठहराव
-मैहर से गुजरने वाली ट्रेनों की गति भी रहेगी सीमित
अनोखा तीर, भोपाल। शारदीय नवरात्र मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विंध्याचल स्टेशन पर 12 ट्रेनों को अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अनुसार, यह व्यवस्था 11 से 26 अक्टूबर तक लागू रहेगी। इस दौरान संबंधित ट्रेनें विंध्याचल स्टेशन पर दो-दो मिनट रुकेंगी। ठहराव मिलने वाली ट्रेनों में लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गुवाहाटी एक्सप्रेस, भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, बेंगलुरु-दानापुर एक्सप्रेस और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस सहित दोनों दिशाओं में चलने वाली 12 ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, ट्रेनों का ठहराव निर्धारित समय-सारणी के मुताबिक रहेगा। इसके अलावा, नवरात्र मेला अवधि में मैहर स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों के लिए 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा लागू रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से ट्रेन के समय एवं ठहराव की जानकारी की पुष्टि अवश्य कर लें।
शारदीय नवरात्र मेले में विंध्याचल स्टेशन पर रुकेंगी 12 ट्रेनें




