-सुभाष चौक और लोहार मोहल्ले में विराजेंगी माता रानी
-मंदिरों और पंडालों में की आकर्षक विद्युत सजावट
अनोखा तीर, मसनगांव। शारदीय नवरात्रि का पर्व घट स्थापना के साथ शुरू होगा। अंचल में नवरात्रि को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। माता रानी की आराधना के लिए गांव में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जगह-जगह पंडाल सजाए गए हैं, वहीं मंदिरों में भी आकर्षक साज-सज्जा की गई है। गांव में नवरात्रि के अवसर पर दो स्थानों पर माता रानी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सुभाष चौक स्थित पंडाल में माता रानी की प्रतिमा विराजित की जाएगी, वहीं लोहार मोहल्ले में भी देवी जी की स्थापना की गई है। दोनों स्थानों पर समितियों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। पंडालों को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है, जिससे नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण मिलेगा। स्थानीय राधा-कृष्ण मंदिर में विराजित देवी जी का भी विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। मंदिर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक पर्व के दौरान श्रद्धालु माता रानी की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।







