Skip to content
Saturday, 24 October 2026
बैतूल

कलेक्टर ने मुलताई एवं डहुआ में स्वास्थ्य केन्द्रों का किया निरीक्षण

3 min read
Text Size:

कलेक्टर  अमनबीर सिंह बैंस ने  जिले के मुलताई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित डहुआ के स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम डहुआ में चौपाल लेकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। डहुआ एवं बोथिया में आंगनबाडिय़ों का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधीन परमंडल में बीटी रोड एवं परमंडल से सर्रा-हिडली मार्ग का भी निरीक्षण कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत  अभिलाष मिश्रा भी उनके साथ थे।

भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम कलेक्टर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुलताई पहुंचे, जहां उन्होंने एएनसी एवं डिलेवरी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की आवश्यक मरम्मत करने के निर्देश दिए। अस्पताल भवन में नवनिर्मित आईसीयू शीघ्रता से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम डहुआ में स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एएनसी रजिस्टर, गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं प्रसव की जानकारी ली। साथ ही एमडीआर, सीडीआर की जानकारी ली।
कलेक्टर  बैंस ने मुलताई में शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या शाला में नवनिर्मित चार अतिरिक्त कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण में लगने वाली सामग्री अच्छी गुणवत्ता की लगाने के निर्देश दिए।

ग्राम बोथिया एवं डहुआ की आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया गया। डहुआ में माप एवं ऊंचाई अभियान के तहत बच्चों के वजन की माप डिजिटल मशीन से नहीं लिए जाने पर आपत्ति व्यक्त करते हुए पर्यवेक्षक को अपने समक्ष बच्चों की डिजिटल मशीन से माप करवाने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जिन आंगनबाड़ी भवनों में शौचालय मरम्मत की जरूरत है, उनकी सूची शीघ्रता से उपलब्ध कराएं।

ग्राम डहुआ में एनीमिया मुक्त युवा अभियान में बच्चों को एनीमिया मुक्त की श्रेणी में लाने के कार्य की सराहना की। कलेक्टर द्वारा बोथिया में जल जीवन मिशन अंतर्गत स्थापित की गई नल-जल योजना का निरीक्षण कर वहां नल कलेक्शन सुधारने एवं बिछाई गई पाइप लाइन से प्रभावित हुई सडक़ की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए। ग्राम डहुआ में नल जल योजना के निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक-4 में ठेकेदार को चार दिवस के अंदर कनेक्शन एवं पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए गए। डहुआ में ही एक ट्यूबवेल में विद्युत कनेक्शन नहीं होने की स्थिति में एक सप्ताह के अंदर मोटर डालकर विद्युत कनेक्शन चालू करने के विद्युत अधिकारियों को निर्देश दिए।
ग्राम डहुआ में आयोजित ग्राम चौपाल में कलेक्टर द्वारा ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान दो स्थानों पर ग्रामीणों की अतिक्रमण की समस्या का निराकरण किया गया। यहां प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास के लिए पुन: सर्वे करने के निर्देश दिए गए एवं अन्य समस्याओं के समय-सीमा में निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

75 Views
What do you think?

Leave a Reply