Skip to content
Friday, 30 October 2026
बैतूल

प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए दृढ़ संकल्पित- इंदर सिंह परमार

3 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, बैतूल। मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजनांतर्गत मंगलवार को बैतूल एवं भीमपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैतूल में पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री इंदरसिंह परमार ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान सांसद डीडी उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, पूर्व विधायक हेमंत खंडेलवाल, अलकेश आर्य, जिला भाजपा अध्यक्ष आदित्य शुक्ला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसलाल धुर्वे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती इमलाबाई जावलकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस, जिपं सीईओ अभिलाष मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वर-वधू एवं उनके परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी मंत्री श्री परमार सहित अतिथियों ने कन्यापूजन किया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार द्वारा वैदिक पद्धति एवं भगत-भूमका द्वारा आदिवासी लोक परंपरा के अनुसार वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराए गए। साथ ही मुस्लिम परिवार के एक जोड़े का निकाह भी पढ़वाया गया। इस दौरान आदिवासी कलाकारों द्वारा नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। प्रदेश सरकार की लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का महिलाओं को लाभ मिल रहा है। आज बैतूल और भीमपुर दोनों स्थानों पर 2135 बेटियां मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कर रही हैं। उन्होंने बैतूल में 1200 एवं भीमपुर में 935 जोड़ों के विवाह होने पर जिला प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसी प्रकार के सफल आयोजन आगे भी होते रहेंगे।

बेटी के जन्म से विवाह तक की जिम्मेदारी

मंत्री श्री परमार ने कहा कि बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तथा विवाह तक की चिंता प्रदेश सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा अब लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 क्रियान्वित की जा रही है। पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना में कक्षा 12वीं तक ही बेटियों को छात्रवृत्ति मिलती थी लेकिन लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 में कॉलेज में पढ़ाई करने वाली बेटियों को भी 25 हजार की राशि दी जा रही है। प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा कि पहले आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अच्छे स्कूल में अध्ययन नहीं कर पाते थे, जिससे उनकी शिक्षा अधूरी रह जाती थी। प्रदेश सरकार द्वारा सीएम राइज स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें शिक्षण की सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन स्कूलों में हर बच्चा अध्ययन कर सकता है। इसके अलावा बाल वाटिका भी संचालित की जा रही है। सांसद डीडी उइके ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि हर महिला सशक्त बनें एवं हर क्षेत्र में प्रगति करे। प्रदेश सरकार महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है, जिसका उन्हें लाभ भी मिल रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार ने कहा कि यह बैतूल सहित समूचे जिले के लिए ऐतिहासिक दिन है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत बैतूल में 1200 एवं भीमपुर में 935 जोड़े परिणयसूत्र में बंधने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत बैतूल एवं भीमपुर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैतूल में 1200 एवं भीमपुर में 935 जोड़ों के परिणयसूत्र में बंधने पर जिला प्रशासन की प्रशंसा की। इस दौरान विधायक भैंसदेही धरमूसिंह सिरसाम, जिला भाजपा अध्यक्ष आदित्य शुक्ला, जनपद पंचायत अध्यक्ष भैयालाल इरपाचे, जिला पंचायत सदस्य संदीप धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वर-वधू एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

87 Views
What do you think?

Leave a Reply