-49 हजार के पटाखे जब्त
अनोखा तीर, हरदा। थाना छीपाबड़ पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रखे पटाखे जब्त किए हैं। थाना छीपाबड़ पर विश्वसनीय मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चारूवा में धर्मेन्द्र राजपूत अपनी किराना दुकान के ऊपर वाले कमरे में रिहायशी क्षेत्र में बिना लाइसेंस के अवैध रूप से आतिशबाजी के पटाखे बिक्री हेतु रखे हुए है। सूचना विश्वसनीय होने पर पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार किया और थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह चौहान को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस स्टाफ और गवाहों के साथ मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान ग्राम चारूवा में धर्मेन्द्र राजपूत की किराना दुकान पर पहुंची। दुकान मालिक को तलब करने पर उसने अपना नाम धर्मेन्द्र सिंह पिता गोपाल सिंह राजपूत उम्र 31 साल निवासी कड़ोला राठौर हाल मुकाम चारूवा बताया। पूछताछ में उसके पास आतिशबाजी रखने का कोई लाइसेंस नहीं पाया गया। आरोपी का कृत्य धारा 5, 9(बी)(1)(बी) विस्फोटक अधिनियम 1884 एवं धारा 288 बीएनएस के तहत पाए जाने पर पुलिस ने कुल 49 हजार 275 रुपए कीमत के पटाखे विधिवत जब्त कर जप्ती पत्रक तैयार किया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। कार्यवाही में थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान, उनि संतोष वामने, सउनि जगनकुमार युवने, प्रआर शंभू चौरे, आर अंकित, आर उदयभान गुर्जर, आर सौरभ राजपूत, आर उदयसिंह, आर हेमूलाल जमरे की सराहनीय भूमिका रही।







