अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत वार्ड नंबर 28 में आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 61 पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें वृक्षारोपण, स्वच्छता जागरूकता अभियान, कन्या पूजन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के पत्र का वाचन किया गया। कार्यक्रम में लाडो अभियान की ब्रांड एंबेसडर एवं स्वच्छ भारत की एंबेसडर गीता पांडे का आंगनबाड़ी में स्वागत किया गया। इस दौरान समाजसेवी शांति गडवे सहित अन्य महिला मौजूद थीं। गीता पांडे ने सुनीता दुधे का टीका लगाकर, माला पहनाकर, शॉल श्रीफल देकर स्वागत किया और प्रमाण पत्र देकर बधाई दी। वहीं शांता गडवे ने भी यादव मैडम का टीका लगाकर माला पहनाकर स्वागत किया। गीता पांडे ने बच्चों और महिलाओं को स्वच्छ रहने की समझाइश दी। गर्भवती महिलाओं को समय से खान-पान करने, अंकुरित दाने, मूंगफली के दाने खाने, समय से दवाई लेने और समय से बच्चों को पोलियो के इंजेक्शन ड्रॉप दिलाने की सलाह दी। आंगनवाड़ी में महिलाओं और बच्चों को स्वच्छता के बारे में समझाया। एक पेड़ मां के नाम के तहत सुनीता दुधे को मूंगा का पेड़ देकर स्वागत किया गया। गीता पांडे ने कहा कि अपने जन्मदिन, बच्चों के जन्मदिन और शादी की सालगिरह पर जरूर पौधा लगाएं। स्वच्छ भारत को स्वच्छ और सुंदर बनाना है तो अपने घर से शुरुआत करें। जब हमारा घर स्वच्छ रहेगा तो हम स्वस्थ रहेंगे, गली मोहल्ले स्वच्छ रहेंगे तो हमारा हरदा स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर रहेगा। कार्यक्रम में अंत्योदय समिति के सदस्य, नगर के सदस्य सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनीता दुधे, सहायिका यादव मैडम और वार्ड की सभी महिलाएं मौजूद थीं।
आंगन मिलन सेवा अंतर्गत हुआ कार्यक्रम







