Skip to content
Monday, 2 November 2026
हरदा

पीएमश्री कॉलेज में नशा मुक्ति नुक्कड़ नाटक और स्वच्छता अभियान का आयोजन

3 min read
Text Size:

-अतिथियों ने युवाओं को दिया नशा मुक्ति का संदेश

अनोखा तीर, हरदा। माय भारत द्वारा आयोजित सेवा पखवाड़ा एवं नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत स्थानीय पीएमश्री कॉलेज में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान के तहत कॉलेज परिसर में नशा मुक्ति को लेकर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, साथ ही व्यापक साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया। दौरान मुख्य रूप से पीएम श्री कॉलेज के प्राचार्य राजेश गौर, प्रशासनिक अधिकारी वी.के. बिछोतिया, प्रोफेसर बसंत सिंग राजपूत एवं पुरुषोत्तम झिंझोरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में माय भारत के आधिकारिक वॉलिंटियर्स शुभम ढोके, गौतम बैरागी और कनक उइके ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के मंच का सफल संचालन आधिकारिक वॉलिंटियर शुभम ढोके द्वारा किया गया।
इन विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक में निभाई मुख्य भूमिका
नशा मुक्ति पर आधारित इस शानदार नुक्कड़ नाटक में कॉलेज की छात्राएं और विद्यार्थी तनीषा, राधिका, निशा, महक, डोली, अवंतिका, वीणा, कविता, विशाखा, सविता, रोशनी एवं अन्य साथियों ने मुख्य भूमिका निभाई। इन विद्यार्थियों ने अपने बेहतरीन अभिनय और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से समाज, परिवार और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले विनाशकारी दुष्प्रभावों को बेहद संजीदगी से दिखाया और सभी को झकझोर कर रख दिया।
अतिथियों ने युवाओं को किया प्रेरित
प्राचार्य राजेश गौर ने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं और देश के विकास की बागडोर उनके हाथों में है। यदि युवा पीढ़ी नशे जैसी सामाजिक बुराई की गिरफ्त में आ जाएगी, तो राष्ट्र का विकास थम जाएगा। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से खुद को और अपने आसपास के परिवेश को नशा मुक्त रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। प्रशासनिक अधिकारी वी.के. बिछोतिया ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा पखवाड़ा और स्वच्छता अभियान का मूल उद्देश्य केवल बाहरी साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें अपने समाज और विचारों को भी नशे जैसी कुरीतियों से साफ करना होगा। एक स्वच्छ और स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग का निवास होता है। प्रोफेसर बसंत सिंग राजपूत ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे रचनात्मक माध्यम समाज में जागरूकता फैलाने का सबसे सशक्त जरिया हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे माय भारत अभियान के दूत बनकर गांव-गांव और घर-घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाएं ताकि एक विकसित और नशा मुक्त भारत का सपना साकार हो सके। नाटक के अंत में सभी उपस्थित जनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर नुक्कड़ नाटक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं (तनीषा, राधिका, निशा, महक, डोली, अवंतिका, वीणा, कविता, विशाखा, सविता, रोशनी एवं अन्य) को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply