मतदाता सूची के मुद्दे पर कांग्रेस का निर्णायक आंदोलन

 

– 28 को भोपाल में आयोग कार्यालय का घेराव

अनोखा तीर, भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर प्रदेश में आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पिछले लंबे समय से मतदाताओं के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठा रही है। पटवारी ने मध्यप्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि ड्राफ्ट और अंतिम मतदाता सूची के बीच हुए बदलावों का विधानसभा एवं बूथवार विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता को यह जानने का अधिकार है कि उसका नाम मतदाता सूची में है या नहीं और यदि नाम हटाया गया है तो उसका कारण क्या है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा वास्तविक मतदाताओं के नाम हटे होने की स्थिति में उन्हें अपना पक्ष रखने और नाम दोबारा जुड़वाने का अवसर मिलना चाहिए। कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और निर्वाचन संस्थाओं की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की भी मांग की है। पटवारी ने बताया कि 28 सितंबर को भोपाल में राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद 29 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला कलेक्टर कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर पर मतदाता सूची की स्थिति की जानकारी भी लेंगे। कांग्रेस ने आगामी पंचायत एवं स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी उठाई है। पटवारी ने कहा कि मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और चुनाव व्यवस्था को लेकर कांग्रेस आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपने सवाल उठाती रहेगी।

0 Views

Leave a Reply