मूंग खरीदी की मांग को लेकर किसानों का हाईवे पर प्रदर्शन, ट्रैक्टर मार्च के बाद चक्काजाम

अनोखा तीर, भैरुंदा। नगर में सोमवार को मूंग की शत-प्रतिशत समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन उग्र हो गया। किसान स्वराज संगठन के नेतृत्व में हजारों किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने इंदौर-भोपाल और भैरुंदा-इंदौर हाईवे पर चक्काजाम कर धरना शुरू कर दिया, जिससे दोनों प्रमुख मार्गों पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। आंदोलन उस समय और तेज हो गया जब किसानों का ज्ञापन लेने के लिए जिला कलेक्टर मौके पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज किसानों ने सड़क पर ही धरना जारी रखा और स्पष्ट कर दिया कि वे अपनी मांगों का ज्ञापन केवल जिला कलेक्टर को ही सौंपेंगे। किसानों ने प्रशासन के अन्य अधिकारियों को ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। समाचार लिखे जाने तक किसान हाईवे पर डटे हुए थे और जाम की स्थिति बनी हुई थी। किसानों की प्रमुख मांग है कि मूंग की पूरी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में लागू लिमिट और तकनीकी बाधाओं को तत्काल समाप्त किया जाए, ताकि किसानों को अपनी पूरी उपज बिना किसी परेशानी के बेचने का अवसर मिल सके। किसानों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। हाईवे पर लंबे समय तक चक्काजाम रहने से इंदौर, भोपाल और सीहोर की ओर आने-जाने वाली बसें, एम्बुलेंस तथा निजी वाहन जाम में फंस गए। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर मार्ग बहाल कराने का प्रयास करते रहे।

2 Views

Leave a Reply