कलेक्टर डॉ सोनवणे ने समयसीमा बैठक में दिए निर्देश, 12 से 18 जून तक आयोजित होंगे जनकल्याण शिविर
कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने सोमवार को आयोजित समयसीमा बैठक में 12 जून से 18 जून तक आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों का प्रभावी ढंग से आयोजन कर हितग्राहीमूलक योजनाओं में शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से छूटे पात्र लोगों को लाभान्वित करने के साथ-साथ आमजन की लंबित समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने निर्देश दिए कि रास्ता विवाद, राशन पर्ची, फिंगरप्रिंट नहीं मिलने से आधार कार्ड बनाने में आ रही समस्याएं, जाति प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, 5 वर्ष से कम बच्चों के आधार कार्ड जैसी समस्याओं से संबंधित लोगों की सूची तैयार कर पात्रतानुसार शिविरों में लाभ दिलाया जाए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शत-प्रतिशत बिजली कनेक्शन एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को लंबित पेंशन प्रकरणों का निराकरण करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के ऐसे क्षेत्रों, जहां मोबाइल टावर होने के बावजूद नेटवर्क नहीं पहुंच रहा है, वहां नेटवर्क सुविधा सुनिश्चित करने के लिए बीएसएनएल को निर्देशित किया। उन्होंने वन एवं राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर बीएसएनल के जमीन आवंटन संबंधी समस्याओं का निराकरण करने को कहा। दिव्यांगजन प्रमाण पत्रों के लिए सभी ब्लॉकों में मेडिकल बोर्ड आयोजित करने तथा शिविरों में विभागीय प्रदर्शनी लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनकल्याण शिविरों के आयोजन के लिए संबंधित एसडीएम नोडल अधिकारी रहेंगे तथा जनपद सीईओ एवं सीएमओ सहायक नोडल रहेंगे।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने 5 जून से 21 जून तक विशेष पर्यावरण अभियान के तहत स्वच्छता, पौधरोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने निरीक्षण के दौरान जनजातीय बालक आश्रम डोडाजाम में मिली शौचालयों की खराब स्थिति मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी विभागों को कार्यालयों, स्कूलों एवं छात्रावासों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में रिकॉर्ड का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने नगरीय निकायों एवं जनपदों में स्वच्छता, पेयजल, रोशनी एवं उद्यानों की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों की फोटो एवं नाम कार्यालयों में प्रदर्शित कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया जाएं। शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग को स्कूलों में फर्स्ट एड किट एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जल संसाधन विभाग द्वारा तालाबों की सफाई एवं गहरीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जनपदवार मॉनिटरिंग एवं डॉक्यूमेंटेशन के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शिविरों के दौरान शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में श्रम, स्कूल शिक्षा, वाणिज्यकर तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को विशेष फोकस के साथ प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। वहीं भैंसदेही, आठनेर, भीमपुर एवं चिचोली जनपदों को शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने लोक सेवा गारंटी एवं समयसीमा प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, कंट्रोल रूम के प्रभावी संचालन तथा पंचायत स्तर पर स्कूल, आंगनवाड़ी एवं स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति का फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल गंगा संवर्धन अभियान सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर कम प्रगति वाले जनपदों को कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही प्राप्त आवंटन के विरुद्ध कम व्यय होने पर भैंसदेही एवं भीमपुर जनपदों के सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षीरधारा ग्राम योजना अंतर्गत चयनित ग्रामों में सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने तथा आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित सभी एसडीएम, सीएमओ, जनपद सीईओ एवं जिला विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

