जल संरक्षण, नाली निर्माण, स्कूल भवन निर्माण, सड़क निर्माण के काम कराएं
—
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने चिचोली ब्लॉक के ग्रामों का किया भ्रमण, ग्राम बोरी में ग्रामीणों की समस्याएं सुन दिए त्वरित समाधान के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को चिचोली ब्लॉक के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। ग्राम पंचायत बोरी में उन्होंने बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आंगनवाड़ी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
ग्राम अटारी में नल-जल योजना बंद होने की समस्या पर ग्रामीणों को बताया गया कि गढ़ा समूह परियोजना से ग्राम को कवर किया जाएगा, जिससे दीर्घकालिक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वर्तमान समस्या के निराकरण के लिए कलेक्टर ने ग्राम नसीराबाद में जल स्रोत चयन कर सम्प एवं टंकी के माध्यम से ग्राम अटारी में पानी आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
ग्राम बोरी में जलस्तर नीचे जाने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने पर जल निगम को बोरी ग्राम को भी योजना में शामिल कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्तमान पेयजल समस्या के समाधान के लिए सर्वे कर बोर कराने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए।
ग्रामीणों की मांग पर पंचायत को चेकडैम निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।ग्राम में बिजली के पोलों के झूलते तारों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए एमपीईबी को एक सप्ताह में समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की मांग पर ट्रांसफार्मर लगाने तथा खाद वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पंचायत को नाली निर्माण, जल संरक्षण कार्य, चेकडैम, मरम्मत सहित अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित कर शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। वहीं सांदीपनी स्कूल जाने वाले मार्ग के सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर कार्य प्रारंभ करने के लिए कहा। सिकल सेल से पीड़ित महिला का सिकल सेल कार्ड बनाकर पेंशन सुचारू करने के निर्देश भी दिए गए। पीएम श्रम योगी मानधन योजना में 60 पंजीयन पर सराहना की।
उप स्वास्थ्य केंद्र बोरी का निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने उप स्वास्थ्य केंद्र बोरी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने एएनएम से ग्रामीणों को बीपी, शुगर आदि की दवाइयों के वितरण की जानकारी ली। साथ ही शिशु मृत्यु के दो प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि नवजात शिशुओं का निर्धारित अंतराल पर गंभीरता से फॉलोअप किया जाए तथा स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल भर्ती कर उपचार सुनिश्चित कराया जाए। मातृ एवं शिशु मृत्यु प्रकरणों के भी समीक्षा करने के निर्देश बीएमओ को दिए गए।
आंगनवाड़ी केंद्र में तत्काल बिजली कनेक्शन के निर्देश
आंगनवाड़ी केंद्र बोरी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ सोनवणे ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से कुपोषित बच्चों की संख्या, स्वास्थ्य जांच एवं फॉलोअप, तथा शाला पूर्व अनौपचारिक शिक्षा की गतिविधियों की जानकारी ली। अवकाश अवधि में वितरित किए जा रहे रेडी-टू-ईट खाद्यान्न की जानकारी भी प्राप्त की। केंद्र में तत्काल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा एमपीईबी के अधिकारियों को दिए गए।
रेशम उत्पादन प्रक्रिया का किया अवलोकन
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम बोरी में हितग्राही तुलस्याबाई द्वारा किए जा रहे रेशम उत्पादन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने कीटों के लिए पत्ती उत्पादन, ककून उत्पादन सहित पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। हितग्राही द्वारा बताया गया कि एक एकड़ में रेशम उत्पादन से लगभग 45 से 50 हजार रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो जाता है। यह भी बताया गया कि सतपुड़ा समूह की 38 महिलाएं इस कार्य से जुड़ी हुई हैं।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने लगाया लक्ष्मीतरु का पौधा
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम पंचायत बोरी के परिसर में लक्ष्मीतरु का पौध रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती इंदिरा महतो, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री गौतम अधिकारी, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

