“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वन विद्यालय में  40 पौधों का रोपण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

       विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग बैतूल द्वारा उत्तर बैतूल (सामान्य) वनमंडल अंतर्गत नगर वाटिका वन विद्यालय, कालापाठा बैतूल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के महत्व को रेखांकित किया गया।

       कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री, जनजातीय कार्य मंत्रालय श्री दुर्गादास उइके ने बरगद का पौधा रोपित किया। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने पीपल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने आंवला, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे ने लाल चंदन का पौधा रोपा। समाजसेवी श्री मुकेश खंडेलवाल, वन संरक्षक वन वृत्त बैतूल श्री मधु वी. राज एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में डीएफओ श्री नवीन गर्ग, डीएफओ श्री अरिहंत कोचर, एसडीओ श्री सुंदर निवेदन, एसडीओ श्री ध्रुव श्रीवास्तव एवं एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी पौधरोपण किया।

           कार्यक्रम के दौरान कुल 40 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान भी किया गया।

       केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर के मार्गदर्शन में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत संवेदनाओं के साथ पौधरोपण किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। प्रकृति और पर्यावरण हमारे पूर्वजों की अमूल्य विरासत हैं, जिनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में पर्यावरण संरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

       मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बैतूल नगर में जनप्रतिनिधियों,  जिला प्रशासन तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से माचना नदी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नदी संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही वन विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आज पूरी दुनिया पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रही है, जिसका समाधान वर्षा जल को धरती में संरक्षित करने, हरियाली बढ़ाने तथा पुराने वृक्षों और जैव विविधता के संरक्षण में निहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार तीसरे वर्ष जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। जल संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

          कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संस्थाओं तथा अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा माचना नदी तट पर जलकुंभी हटाकर स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, यह वर्षभर चलने वाली सतत प्रक्रिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जिले में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत जिले में 50 हजार से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बताया कि जिले की बंजर एवं वनविहीन पहाड़ियों को हरित बनाने का संकल्प लिया गया है। इन क्षेत्रों में व्यापक पौधरोपण कर जैव विविधता को पुनर्स्थापित करने और प्राकृतिक संतुलन को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!