Skip to content
Saturday, 24 October 2026
भोपाल

धरती आबा अभियान जनजातियों को मुख्य धारा में लाने की पहल : राज्यपाल श्री पटेल

3 min read
Text Size:

स्वास्थ्य शिविरों का लाभ लें राज्यपाल ने किया आव्हान
राज्यपाल श्री पटेल धरती आबा अभियान के संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आदि साथी एवं आदि सहयोगियों से संवाद कार्यक्रम में मंगलवार को बल्देवगढ़ तहसील के ग्राम करमासन हटा में शामिल हुए।

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से जनजातियों को समाज की मुख्य धारा में लाना है। उन्होंने कहा कि नारी स्वस्थ होगी तभी परिवार स्वस्थ रहेगा। घर में माँ स्वस्थ हो तो पूरे परिवार की देखभाल अच्छे से कर सकती है। राज्यपाल श्री पटेल ने आह्वान किया है कि एनीमिया सहित स्वास्थ्य जाँच सभी को कराना चाहिए। खासतौर से महिलाओं को इसकी जाँच अवश्य कराना चाहिए। सेवा पखवाड़े के तहत स्वास्थ्य शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य की जाँच दवाओं का वितरण किया जा रहा है।

राज्यपाल श्री पटेल ने ग्राम पंचायत करमासन हटा में नवनिर्मित आदि सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और केन्द्र में बनाये गये विलेज मैप का अवलोकन किया। राज्यपाल ने जनजातीय बहनों-भाईयों से संवाद किया। उन्होंने ग्राम पंचायत करमासन हटा के सरपंच श्री नन्दलाल लोधी को आदि सेवा केंद्र के माध्यम से सरकार की सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ जनजातियों को दिलाने में सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ, क्षय रोगियों को फूड बास्केट तथा जाति प्रमाण पत्र और बीपीएल कार्ड के स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिए।

राज्यपाल श्री पटेल ने कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। महिला बाल विकास द्वारा परंपरागत बुंदेली व्यंजनों एवं स्थानीय परंपरागत खिलौना प्रदर्शनी लगाई गई थी। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया, महुआ के व्यंजन जैसे महुआ के लटा, महुआ की डुबरी, मोटे अनाज के अन्य व्यंजनों के बारे में पूछा। उन्होंने अंकुरित अनाज और हरी साग के खाद्य पदार्थों की भी जानकारी ली। स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित आजीविका उत्पादों का भी अवलोकन किया, जिसमें मिट्टी से बने उत्पाद, सरसों एवं मूंगफली तेल के घर पर तैयार खाद्य पदार्थ, बांस के हस्तनिर्मित उत्पाद प्रस्तुत किए गए थे। राज्यपाल ने स्व सहायता समूह की महिलाओं से व्यवसाय और आजीविका के बारे में जानकारी ली।

राज्यपाल श्री पटेल के समक्ष एंजल एबोड स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान वादन की बैंड प्रस्तुति दी। राज्यपाल ने स्कूली बच्चों को उपहार दिए। लाड़ली बहनों ने सिर पर कलश रखकर तथा पारंपरिक मंगलगीत गाकर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल को ग्राम करमासन हटा के ग्रामीणों एवं सहयोगियों द्वारा ग्राम चौपाल पर ही तैयार की गई ग्राम विजन 2030 पुस्तिका और कुण्डेश्वर भगवान की तस्वीर भेंट की गई।

राज्यपाल श्री पटेल ने आवास हितग्राहियों से किया संवाद

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने टीकमगढ़ जिले के प्रवास के दौरान ग्राम करमासन हटा में प्रधानमंत्री अवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को प्राप्त आवासों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राही श्रीमती हरकुंवर तथा श्री प्रभु सौंर के घर जाकर परिजनों के साथ संवाद किया। उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। छोटे बच्चों को अच्छे से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें उपहार भेंट किये।

राज्यपाल श्री पटेल ने हितग्राही श्रीमती हरकुंवर के घर पहुंच कर उनसे पक्के मकान मिलने और सरकारी योजनाओं के लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। श्रीमती हरकुंवर ने बताया कि पहले वह कच्ची झोपड़ी में रहती थीं, जिसमें परिवार को निरंतर मौसमी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान उनके लिए सपना था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके सपने को साकार किया है। सरकारी योजनाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर किया है।

327 Views
What do you think?

Leave a Reply