जिम्मेदारों की लापरवाही से महिला के सिर में आए टांके पैर हुआ फ्रेक्चर
विकास पवार, बडवाह – नगर से 3 किमी दूर इंदौर रोड स्थित चोरबावड़ी के समीप विगत वर्षो पुरानी रेलिंग विहीन संकीर्ण पुलिया दुर्घटनाओ का कारण बन रही है। दुर्घटना के इस हॉट स्पॉट पर प्रशासन का बिल्कुल ध्यान नही है। ऐसा प्रतीत होता है की प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह इस पुलिया से जुना बलवाड़ा की आंगनवाडी कार्यकर्ता उमा पंवार करीब 15 फिट नीचे नाले में गिर गई। इस हादसे में वह गम्भीर रूप से घायल हुई। जिन्हें उपचार के लिए तुरंत बड़वाह सिविल अस्पताल लाया गया। जहाँ उपचार जारी है। जहा पति अशोक पंवार निवासी रेवा नगर ने बताया की वे मूल रूप से बलवाडा में रहते है। बलवाड़ा में खरगोन कलेक्टर के जनकल्याण शिविर में आने की संभावना थी, जिसे लेकर वे सुबह करीब 10 बजे अपनी पत्नी को लेकर वे बलवाडा जा रहे थे। इसी दौरान पुलिया पर सामने से एक श्वान (कुत्ते) के आने पर उन्हें अचानक अपनी स्कूटी के ब्रेक लगाने पड़े। तभी पीछे आ रही अन्य बाईक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
15 फीट नीचे नाले में गिरी महिला
इस टक्कर से उमाबाई स्कूटी से नीचे 15 फिट नाले में नीचे गिर गई। तभी स्थानीय लोगो की सहायता से उमाबाई को सिविल अस्पताल लेकर आए। यहाँ प्राथमिक उपचार किया गया। अशोक ने बताया इस दुर्घटना से उमाबाई को सिर में टाँके आए और उनका पैर फ्रेक्चर हो गया। बागफल के कमलेश डांगरे ने बताया की संकीर्ण पुलिया की चौड़ाई लगभग 18 फिट है। जबकि इसकी गहराई करीब 15 से 20 फिट है। इस पुलिया से प्रतिदिन हजारो छोटे-बड़े एवं भारी वाहन गुजरते है। लेकिन पुलिया के दोनों तरफ रेलिंग नही होने से यह पुलिया पहले से ही खतरनाक थी। लेकिन अब धीरे धीरे पुलिया के दोनों और सड़क भी खिसक रही है। जिससे सड़क की चौड़ाई और भी कम हो गई है। जबकि इस पुलिया से दो बड़े वाहन क्रास नही हो सकते है। सबसे ज्यादा परेशानी रात में आती है। अँधेरे में दो पहिया वाहन पुलिया की क्षतिग्रस्त सड़क को देख नही पाते और बाईक समेत निचे गिर गिर जाते है।कमलेश ने बताया की इसके पहले भी एक बाईक सवार गिर चूका है।

सीमेंट के क्रश बेरियर रखे वो भी गिरे
इस पुलिया दुरुस्त करने को लेकर कई बार आवाज उठाई गई है। लेकिन दुरुस्तीकरण के बजाय एनएचएआई ने केवल पुलिया पर सीमेंट के क्रश बेरियर रखवा दिए। हालाँकि उसके बाद थोड़ी राहत जरुर मिली। लेकिन स्टॉपर की चौड़ाई अधिक होने पर पुलिया और अधिक संकरी हो गई। साथ ही कई बार वाहनों के आमने टकराने पर ये क्रश बेरियर पुलिया के निचे गिर गए। स्थानीय लोगो की माने तो इस पुलिया के चौड़ीकरण एवं इसकी रेलिंग बनाने की बेहद आवश्यकता है। अन्यथा भविष्य में यहाँ कोई भी बड़ा हादसा होना संभव है।
पुलिया को लेकर सम्बधित अधिकारीयो को पहले भी दी जानकारी
एसडीओपी अर्चना रावत ने बताया की इस खतरनाक पुलिया के सुधार को लेकर सम्बधित अधिकारीयो को पहले भी जानकारी दी गई है, इसकी मरम्मत करवाने के साथ ही पुलिया पर रेलिंग लगाने की बात कही गई। एक बार फिर से अधिकारियो से बात करके इसे दुरुस्त करने के लिए बोलेंगे। पुलिया के पहले रम्बल स्ट्रिप लगवाई गई है। ताकि वाहनों की स्पीड कम हो जाएगी। इस सम्बन्ध में अब एनएचएआई से बकायदा पत्राचार किया जाएगा।






