कांग्रेसी जय-वीरू लूट के माल के लिए झगड़ रहे – शिवराज सिंह चौहान

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

भोपाल- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जावद, गरोठ, जावरा, महिदपुर, सुसनेर, सांवेर और देपालपुर में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पहले भी 2003 तक मिस्टर बंटाढार ने पूरे प्रदेश को लूटा और बर्बाद कर दिया और सवा साल में कमलनाथ ने भी प्रदेश को लूट का अड्डा बना दिया था। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस नेता अब पहचान भी छुपा रहें हैं। दिग्विजय-कमलनाथ को जय-वीरू जोड़ी कहा जा रहा हैं, लेकिन अभी जय-वीरू की जोड़ी में खटपट चल रही है। दोनों को दिल्ली मीटिंग में बुलाया गया है। दिग्विजय कह रहे थे कोई झगड़ा नहीं है। कांग्रेस के जय और वीरू आपस में झगड़ रहे हैं। जय और वीरू तो लूटते ही थे, उनका झगड़ा ही लूट के माल के लिए होता है। ये लोग कभी भी प्रदेश और जनता का भला नहीं कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कांग्रेस धन्य हैं, और सेठ कमलनाथ ने तो खूब चमत्कार किए, लेकिन उन्हें सेठ कहा तो वो चिढ़ गये। कहने लगे मुझे उद्योगपति कह रहे हो, अब उद्योगपति न कहू तो क्या उन्हें मजदूर कहूं। कमलनाथ खुद ही कहते हैं कि, मैं निजी विमान से घूमता हूं। निजी विमान किसके पास होता है किसान के पास तो नहीं होता है। कमलनाथ कभी किसी के खेत में उतरे नहीं है, किसान का दुख-दर्द कभी देखा नहीं है। एक पांव देश में तो एक पांव विदेश में रहता है, आप सेठ नहीं हो तो क्या हो..?

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, कमलनाथ का मध्यप्रदेश से लगाव ही नहीं है, उनका नरा मध्यप्रदेश में गढ़ा ही नहीं है, वो मध्यप्रदेश को बदनाम करते हैं। चौपट प्रदेश कहना मध्यप्रदेश का अपमान है। यह मध्यप्रदेश की जनता का अपमान है। कमलनाथ पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा अगर शिवराज से राजनैतिक बैर है तो आप मेरा अपमान करो मुझे गालियां दो, मध्यप्रदेश का अपमान क्यों करते हो? प्रदेश को चौपट बताना और देश को बदनाम कहना ये प्रदेश और देश का अपमान है। जिसे जनता सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा ये वो धरा है, जहां धन संपदा, वन संपदा, खनिज संपदा, जन संपदा, प्राकृतिक संसाधन, यहां के भोले-भाले लोग रहते हैं, इनको चौपट कहते हो इसके पहले भी कमलनाथ जी ने भारत को बदनाम कहकर देश का अपमान किया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जंगल में शिकारी आता है, दाना डालता है, जाल बिछाता है और पक्षियों को पकड़कर ले जाता है। ऐसे ही कांग्रेसी आएगा, जाल बिछाएगा, लेकिन तुम जाल में मत फंसना। उन्होंने कहा कि, वैसे तो कांग्रेस की सरकार आएगी नहीं, लेकिन आ गई तो ना लाडली रहेगी और ना ही बहना रहेगी। उन्होंने कहा कि सवा साल में कमलनाथ ने गरीब बहनों के लड्डू तक छीन लिए थे। उन्होंने संबंल योजना, तीर्थ दर्शन योजना, बच्चों के लैपटॉप और साईकिलें भी छीन ली थी। इतना ही नहीं कमलनाथ ने तो कफन तक छीन लिया था। भाजपा सरकार गरीब परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रूपए देती थी। ये भी कमलनाथ ने बंद कर दिए। अब ये लोग फिर से नए-नए प्रलोभन दे रहें हैं, इनसे सावधान रहना।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रतलाम के जावरा में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में जितना विकास भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया है कभी कांग्रेस ने किया था क्या? ऐसी सड़कें कभी कांग्रेस ने बनाई थी क्या..? कांग्रेस को विकास से कोई लेना-देना नहीं है। विकास में उनका विश्वास ही नहीं है। सवा साल के लिए कांग्रेस की सरकार आई थी लेकिन कांग्रेस ने विकास नहीं महाविनाश करने का काम किया है। कांग्रेस के नेताओं का मध्यप्रदेश से भावनात्मक रिश्ता नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि, मध्यप्रदेश बदल गया है। एक तरफ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी देश में विकास के रिकॉर्ड बना रहें हैं और दूसरी तरफ विकास के मामले में आज मध्यप्रदेश हिंदुस्तान में नंबर 1 के राज्यों की श्रेणी में खड़ा हो गया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उज्जैन के महिदपुर में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने नवरात्री में कन्या पूजन करवाया तो दिग्विजय सिंह कहते है कि मुख्यमंत्री नाटक-नौटंकी कर रहे हैं, उन्हें बहनों का पूजन नाटक-नौटंकी लगता है। कमलनाथ ने हमारी सम्मानित मंत्री को आइटम कहा था। दिग्विजय ने बहन को टंच माल कहा था। मेरे लिए माँ, बहन और बेटी का पूजन माँ की सेवा है। शिवराज का शीश तो हमेशा बहन और बेटी के आगे झुका ही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी बनाकर बेटियों को हमने वरदान दिया। स्थानीय निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण बहनों को दिया। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहनों की जिन्दगी बदलने की योजना है। हमारी सरकार ने बहनों को पैसा नहीं सम्मान दिया है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत मिलने वाली राशि को बढ़ाकर धीरे-धीरे 3 हजार रुपये तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की हर बहन को लखपति बनाना है। स्व-सहायता समूह के माध्यम से बहनों की आमदनी प्रतिमाह 10 हजार रुपये करने का संकल्प है। ये भाजपा की सरकार है, 1250 रुपये बहनों को मिल रहे है तो किसान भाइयों को भी 1 हजार रुपये हर महीने मिल रहे है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विशाल चुनावी सभा में जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जिताना है, भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र पार्टी है जो जनहित की कल्याणकारी योजनाएं चलाकर गरीबों का कल्याण करती है और हर क्षेत्र में विकास के कार्य करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, और मध्यप्रदेश भी उनके मार्गदर्शन में विकास पथ पर अग्रसर है, विकास की इस गति को बनाएं रखना है। भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से जिताना है। और मध्यप्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाना है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को 7 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा जावद में भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश सखलेचा, गरोठ में चंदर सिंह सिसोदिया, जावरा में राजेंद्र पांडे, महिदपुर में बहादुर सिंह चौहान, सुसनेर में विक्रम सिंह राणा, सांवेर में तुलसीराम सिलावट और देपालपुर में मनोज पटेल के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित कर जनसमूदाय से सभी प्रत्याशियों को विजयी भवः का आशीर्वाद देने और मध्यप्रदेश में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।

Views Today: 2

Total Views: 170

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!