जिले के 178 टॉपर विद्यार्थियों को मिली सफलता, स्कूल में मिला सम्मान
खरगोन- मुख्यमंत्री स्कूटी योजना में जिले के सरकारी स्कूलों के 178 टॉपर विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के स्वरूप कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने स्कूटी देकर अच्छी पढ़ाई के लिए प्रेरित किया। स्कूटी लेकर अपनी स्कूलों में पहुंचे विद्यार्थियों का शाला स्तर पर भी सम्मान हो रहा है। कुकडोल स्कूल की सपना चौहान स्कूल लौटी तो बीईओ राहुल पाध्वे, प्राचार्य ललीता धूले सहित स्टॉफ शिक्षकों ने सम्मान कर हौसला बढ़ाया। छात्रा सपना ने बताया पापा कुम्हारखेड़ा गांव से रोज खरगोन कोचिंग छोड़ते थे। वहां से जामली तक बस से आती थी। फिर 2 किमी पैदल कुकडोल स्कूल पहुंचती थी। रोज 7 घंटे पढ़ाई की। पटवारी बनना चाहती हूं। पीजी कॉलेज में प्रवेश लिया है। स्कूटी से सहूलियत मिलेगी। इस स्कूल के छात्र लकी चौहान को भी स्कूटी मिली है। वह जी की तैयारी कर रहा है इंजीनियर बनना चाहता है। स्कूल के 4 विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने पर शासन की लैपटॉप योजना में 25-25 हजार रुपए की राशि मिली है।
उटावद की दिव्यांग रानी अब नही जाएगी पैदल

कसरावद तहसील के बोरावां स्कूल की दिव्यांग रानी यादव अव्वल रही। शोरूम स्कूटी मिली। वह उटावद से रोज ढाई किमी पैदल स्कूल आ रही थी। किसान पिता विष्णु यादव बताते हैं बेटी 45 प्रतिशत विकलांग है। स्कूल समय में यातायात के साधन नही थे। वह डॉक्टर बनना चाहती है। नीट की तैयारी कर रही है। प्राचार्य बलिराम पटेल बताते हैं कि स्कूल में छात्रों में पवन वर्मा व छात्र रानी यादव टॉपर रहे हैं। दोनों को शासन की मंशा के अनुसार लैपटॉप की राशि व स्कूटी मिली है।
जिले में स्कूटी वितरण
शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड बड़वाह में 28, भगवानपुरा में 13, भीकनगांव में 18, गोगावां में 15, झिरन्या में 17, कसरावद में 28, खरगोन में 25, महेश्वर में 27 और सेगांव में 07 छात्र-छात्राओं सहित कुल 178 स्कूटी वितरण की गई हैं।
Views Today: 2
Total Views: 112

