Skip to content
Friday, 9 October 2026
खंडवा

आई फ्लू के रोकथाम हेतु लायंस क्लब ने प्रारंभ किये जन जागरूकता शिविर

2 min read

खंडवा- लायंस क्लब खंडवा एवं जिला स्वास्थ्य समिति खंडवा द्वारा अध्यक्ष राजीव मालवीय, सचिव घनश्याम वाधवा, कोषाध्यक्ष मधुबाला शेलार के नेतृत्व में आई फ्लू या कंजेक्टिवाइटिस  से बचाव एवं जागरूकता हेतु अभियान प्रारंभ किया गया। जानकारी देते हुए नारायण बाहेती ने बताया कि जिला चिकित्सालय परिसर में जिला चिकित्सालय से नेत्र विभाग की टीम द्वारा उपस्थित जन सामान्य को आई फ्लू  संबंधी रोकथाम बचाव एवं उपचार से संबंधित सूचनाएं एवं जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर अर्जुन वर्मा  ने कहा कि आई फ्लू एक वायरल इंफेक्शन है, सही समय पर उपचार नहीं मिलने पर आंखों की ज्योति खराब हो सकती है।हमें अपने हाथों को समय-समय पर धोकर ही उपयोग करना चाहिए। तोलिया, तकिया, आंखों के मेकअप सामग्री को किसी से साझा नहीं करना चाहिए। श्रीमती सोनू वर्मा, नेत्र सहायक द्वारा बताया गया कि आई फ्लू होने पर घर के दूसरे सदस्यों से दूरी बनाकर रहना चाहिए। चिकित्सक को दिखाकर उचित उपचार लेना चाहिए। संक्रमण होने पर आंखों को बार-बार छूना नहीं चाहिए।

नदी ,तालाब स्विमिंग पूल में नहाने से बचना चाहिए।
अध्यक्ष राजीव मालवीय ने कहा कि यह तेजी से फैलने वाला रोग है, यदि आंखों में जलन, खुजली, पानी आना, किरकिरी, सूजन आना आदि लक्षण दिखाई देते हैं तो हमें तत्काल चश्मे का उपयोग करते हुए दूसरों से दूरी बनाना चाहिये। किसी भी सामान को छूने से परहेज करना चाहिए। जिससे कि यह संक्रमण तेजी से ना फैले। नारायण बाहेती ने कहा कि आई फ्लू का उपचार समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध है।अतः लक्षण दिखाई देने पर घबराना नहीं चाहिए एवं चिकित्सक को दिखाकर तत्काल उपचार प्राप्त करना चाहिए। इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन राजीव शर्मा, बलिराम तिरोले, गांधीप्रसाद गदले, श्रीमती उज्ज्वला मुंदड़ा ने भी संबोधित किया। जन जागरूकता कार्यक्रम आगे भी सतत जारी रहेंगे।कार्यक्रम का संचालन सचिव घनश्याम वाधवा ने किया एवं आभार राजीव शर्मा ने माना।

89 Views

Leave a Reply