किसान की शिकायत के बाद अधिकारियों ने किया वेयर हाऊस का निरीक्षण

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

किसान ने की थी मूंग खरीदी में 1 हजार रूपये की राशि लिए जाने की शिकायत

भैरूंदा। शुक्रवार को क्षेत्र के गांव तिलाडिय़ा के किसान द्वारा मूंग खरीदी में 1 हजार रूपये की राशि लेकर सर्वेयर के द्वारा मूंग पास किए जाने की शिकायत के बाद अधिकारियों के एक दल ने वेयर हाऊस पहुंचकर जांच की। इस दौरान अधिकारियों के द्वारा वहां पर मौजूद किसानों से बात कर पंचनामा तैयार किया। अब अधिकारी एसडीएम व कलेक्टर को उक्त पूरे मामले की रिपोर्ट सौपेंगे। किसान ने अपनी शिकायत में सर्वेयर व वेयर हाऊस संचालक पर आरोप लगाते हुए चल रहे फर्जीवाड़े को रोकने व वसूली को लेकर लगातार हो रही सौदेबाजी पर लगाम लगाने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि मूंग की खरीदी शुरु होने से पूर्व ही क्षेत्र में इस बात की आशंका बलबलाने लगती हैं कि खरीदी के पूर्व ही सौदेबाजी एवं मिलावटी माल की बिक्री जोरो पर होगी। आपको बता दे कि वर्ष 2021 के दौरान भी कुछ ऐसी ही स्थिति उभरकर सामने आई थी, जिसमें वेयर हाऊस संचालक, समिति प्रबंधक व सर्वेयर की साठगांठ के चलतें सरकार को चूना लगाते हुए नान एफएक्यू माल की खरीदी सौदेबाजी कर की गई थी। इस वर्ष जब कई व्यापारियो ने सरकार द्वारा जारी किये गए मूंग खरीदी के टेंडर लेकर हकीकत देखी तो नजारा कुछ ओर ही था। क्षेत्र के कई वेयर हाऊस ऐसे थे, जहां पर मूंग के साथ मिट्टी और दाल की भरमार थी। जिससे कई व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान भी उठाना पड़ा था। कुछ ऐसी ही स्थिति इस वर्ष भी देखने को मिल रही है। हालांकि अभी भी स्लाट बुकिंग नहीं होने से मूंग खरीदी पर रोक है। लेकिन नाफेड के अधिकारियों, सर्वेयरों की साठगांठ से खरीदी का दौर जारी है और जिस मूंग को बिना सर्वेयर व स्लाट बुकिंग के खरीद लिया गया है उसे भी ठिकाने लगाने की तैयारी की जा रही है।

किसान का आरोप, एक हजार लेकर मूंग कराया एफएक्यू
शुक्रवार को कलेक्टर के नाम एसडीएम डीएस तोमर को सौंपे गए ज्ञापन में आवेदक किसान जितेन्द्र पिता रामविलास सेन निवासी तिलाडिय़ा ने शिकायत की हैं कि वह गुरुवार 29 जून को अपनी 17 क्विंटल मूंग परिचित रोहन गिरी के पंजीयन पर तुलवाने के लिए वेयर हाऊस गया था। जहां मौजूद सर्वेयर पवन यादव ने मूंग में मिट्टी की मात्रा अधिक बताकर उसे रिजेक्ट कर दिया। जबकि केंद्र पर इससे ज्यादा खराब मूंग को सर्वेयर ने पास कर दिया था। अपने मूंग को पास कराने के लिए वेयर हाऊस के मैनेजर पवन विश्वकर्मा के पास गया तो उसने बताया कि सर्वेयर से सेटिंग कर लो तुम्हारा मूंग तुल जाएगा। इस दौरान सर्वेयर से बात की तो उसने पांच हजार की डिमांड रखी। जैसे-तैसे बात एक हजार रुपए पर आकर तय हुई। मेरे द्वारा एक हजार रुपए की राशि सर्वेयर के कहे अनुसार बार कोड पर डाल दी गई।

सर्वेयर की साठगांठ से वेयर हाऊस में की जा रही खुलेआम मिलावट
आवेदक ने आरोप लगाया हैं कि जब वह अपनी ट्राली खाली करने के लिए वेयर हाऊस में पहुंचा तो वहां पर हम्मालों के द्वारा केंद्र पर पड़े हजारों क्विंटल मूंग में गेहूं की चूरी मिलाकर पाला किया जा रहा था। मुझे अंदर आता देख हम्मालों ने पाला करना बंद कर दिया। आवेदक ने मिलावट से संबंधित वीडियो भी एसडीएम को सौंपा है। किसान ने मांग की हैं कि इस आवेदन पर उचित कार्रवाई करते हुए मुझसे ली गई राशि वापस लौटाई जाए।

Views Today: 2

Total Views: 186

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!