Skip to content
Friday, 23 October 2026
हरदा

सुगम होगी यातायात व्यवस्था

2 min read
Text Size:

-बिरजाखेड़ी मार्ग निर्माण से हरदा को जाम से मिलेगी निजात
अनोखा तीर, हरदा। बिरजाखेड़ी बायपास रिंग रोड का निर्माण पूर्ण होते ही हरदा शहर को एकतरफा ट्रैफिक और डबल फाटक के जाम से बड़ी राहत मिलेगी। 4.5 किमी लंबा यह बायपास शहर की यातायात व्यवस्था के लिए लाइफलाइन साबित होगा। वर्तमान में हरदा-इंदौर, हरदा-बैतूल और हरदा-खंडवा मार्ग का सारा दबाव डबल फाटक और शहर के मुख्य बाजार से होकर गुजरता है। सुबह-शाम रेल फाटक बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्कूली बसें, एंबुलेंस और भारी वाहन घंटों जाम में फंसते हैं। बाजार में एकतरफा ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पीडब्ल्यूडी द्वारा प्रस्तावित बायपास डबल फाटक से शुरू होकर पीपलपानी पुल होते हुए बिरजाखेड़ी में मुख्य मार्ग से जुड़ेगा। इसका 3 किमी हिस्सा बन चुका है, शेष 1.5 किमी जमीन अधिग्रहण के कारण लंबित था, जिसका अब सीमांकन कार्य प्रशासनिक टीम द्वारा किया जा रहा है। इस मार्ग के शुरू होने से इंदौर-बैतूल जाने वाले भारी वाहन सीधे बायपास से निकल जाएंगे, शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। इससे शहर का एकतरफा ट्रैफिक लोड लगभग 40 प्रतिशत कम हो जाएगा। डबल फाटक पर जाम की समस्या स्थायी रूप से खत्म होगी और शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और तेज यातायात व्यवस्था मिलेगी। विधायक प्रतिनिधि संजय जैन ने बताया कि नवागत कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर प्रशासन ने तेजी दिखाई है। अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र बड़ोनिया ने बताया कि धारा-21 की प्रक्रिया पूरी होते ही मुआवजा देकर शेष निर्माण युद्धस्तर पर पूरा किया जाएगा।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply