Skip to content
Friday, 16 October 2026
देवास

पटवारी 12 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया

3 min read
Text Size:

ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई

देवास। उज्जैन की ईओडब्ल्यू टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देवास में एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। पटवारी ने जमीन के बटांकन की एवज में रिश्वत की रकम मांगी थी। पटवारी को फरियादी द्वारा कुछ रकम पहले दी जा चुकी थी। बची हुई रिश्वत की राशि लेते पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
जमीन बटांकन के नाम पर देवास जिले का पटवारी एक किसान को पिछले काफी समय से परेशान कर रहा था। किसान पटवारी द्वारा बताए गए हर नियम का पालन कर रहा था, लेकिन इसके बावजूद भी उसका काम नहीं हो रहा था। इस काम को करने के लिए पटवारी ने 20,000 की रिश्वत मांगी थी, जिसके लिए किसान ने 8,000 रुपये दे भी दिए थे। लेकिन पटवारी 8,000 लेकर भी यह काम नहीं कर रहा था और बाकी के 12,000 के लिए लगातार किसान पर इस बात का प्रेशर बना रहा था कि वह बाकी की राशि भी उसे जल्द से जल्द दे दे, जिससे परेशान होकर किसान ने पटवारी की शिकायत उज्जैन आकर ईओडब्ल्यू के एसपी दिलीप सोनी को की थी। इस शिकायत पर मंगलवार सुबह कार्रवाई की गई और पटवारी को देवास से रंगे हाथों 12,000 की रिश्वत लेते पकड़ लिया गया।
ईओडब्ल्यू के डीएसपी अजय कैथवास ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग एक सप्ताह पूर्व देवास में रहने वाले बसंतीलाल पटेल ने ईओडब्ल्यू एसपी दिलीप सोनी को शिकायत की थी कि देवास के पटवारी बाबूलाल पांचाल हल्का मिर्जापुर द्वारा जमीन के बटांकन का काम सभी कागज देने के बावजूद नहीं किया जा रहा है। पटवारी बाबूलाल पांचाल इस काम को करने के लिए 20,000 की रिश्वत मांग रहे हैं और इसके लिए 8,000 रुपये ले भी चुके हैं। अभी बची हुई 12,000 की राशि देने पर ही पटवारी इस बटांकन के काम को करने का कह रहे हैं। ईओडब्ल्यू एसपी से की गई इस शिकायत को तुरंत संज्ञान में लिया गया और पटवारी द्वारा मंगलवार सुबह जब बसंतीलाल पटेल को यह रिश्वत के रुपये देने के लिए बुलाया गया तो ईओडब्ल्यू की टीम ने पटवारी बाबूलाल पांचाल के मकान नंबर 45, विकास नगर कुशाभाऊ स्टेडियम के पास देवास से पटवारी को रंगे हाथों रिश्वत लेते पकड़ा है।
डीएसपी अजय कैथवास ने बताया कि पटवारी बाबूलाल पांचाल अगले साल सेवानिवृत्त होने वाले हैं लेकिन इसके पूर्व ही रिश्वत लेते रंगे हाथो पकड़ाए है। कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू के डीएसपी संदीप मेघवाल, इंस्पेक्टर प्रशांत मिश्रा, इंस्पेक्टर सौरभ त्रिपाठी, एएसआई अशोक राव और टीम के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।

133 Views
What do you think?

Leave a Reply