दुनिया की सबसे अनमोल धरोहर हैं बेटियां: मुख्यमंत्री

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, भैरुंदा। क्षेत्र के गांव गिल्लौर में शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान व निकाह योजना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बेटियों को पहले बोझ समझा जाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के चलतें उन्हें धरती पर नहीं आने दिया जाता था। बेटियों को बचाने की ललक मन में थी और वर्ष 2006 में बेटियों की शादी सरकारी खर्च पर कराने की योजना शुरू की। तब से लेकर अब तक इस योजना के तहत लाखों बेटियों का विवाह संपन्न हो चुका है। सीएम ने कहा कि दुनिया में धरती पर सबसे अमूल्य धरोहर यदि कोई है तो वह बेटियां है। बिना बेटियों के सृष्टि नहीं चल सकती। इस दौरान उन्होंने औपचारिक रूप से 5 वर-वधुओं को 49-49 हजार रुपए की राशि के चैक मंच से दिए और कहा कि इस राशि से मेरी बेटियां अब अपनी मर्जी से दहेज का सामान खरीद सकेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि शासन की जितनी भी योजनाएं संचालित है उनका लाभ बिना किसी जाति, धर्म, समाज के भेदभाव किए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को दिया जाए। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत जहां 423 वर-वधूओं ने वैदी के समक्ष सात फेरे लिए तो 43 जोड़ों को काजी द्वारा निकाह कबूल कराया गया। उल्लेखनीय है कि सीएम कन्यादान विवाह व निकाह योजना का कार्यक्रम पूर्व में नगर के दशहरा मैदान पर आयोजित किया जाना था। लेकिन मौसम विभाग की पूर्व सूचना के चलतें चार दिन पूर्व कार्यक्रम स्थल परिवर्तित कर उसे गिल्लौर स्थित खुशी वेयर हाऊस में किया गया। ऐसा पहली बार हुआ जब वेयर हाऊस में विवाह व निकाह की रस्में एक साथ संपन्न हुई। मौसम विभाग की चेतावनी के चलतें संचालित कार्यक्रम के दौरान की एक घंटे से भी अधिक समय तक मूसलाधार बारिश का दौर चलता रहा, लेकिन प्रशासन की सजगता के चलतें विवाह में किसी भी प्रकार का खलल पैदा नहीं हुआ। जिसकी सीएम ने मंच से ही सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सांसद रमाकांत भागर्व, किरार समाज की प्रदेशाध्यक्ष साधना सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता गुरुप्रसाद शर्मा, राजेन्द्र सिंह राजपूत, रवि मालवीय, करण सिंह वर्मा, गोपाल इंजीनियर, लखन यादव, धीरज पटेल, मंजू अवध पटेल, मारूति शिशिर, कपिल खण्डेलवाल, अजय पालीवाल, आशीष शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

21 वर्ष से लाड़ली बहनों को मिलेगा लाभ

समारोह के दौरान मंच से सीएम ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी व अच्छी कोई योजना है तो वह लाड़ली बहना योजना हैं। इस योजना के तहत सरकार ने 10 जून को 1 करोड़ 25 लाख बहनों के खातों में 1-1 हजार रुपए की राशि सीधे उनके खातों तक पहुंचाई है। सरकार का प्रयास है कि इस राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर 1 हजार रुपए से 3 हजार रुपए तक ले जाया जाएगा, जिससे कि बहन-बेटियां मजबूत हो सके। सीएम ने कहा कि मैंने योजना में बदलाव कर बहनों को समृद्ध बनाने की दृष्टि से योजना में उम्र की पात्रता 23 से घटाकर 21 वर्ष कर दी है। जिससे कि 21 वर्ष से ही इस योजना के तहत बहन-बेटियों को लाभ प्राप्त हो सके।

बेटे-बेटियां अब स्कूटी से पहुंचेंगे कॉलेज

सीएम ने कहा कि कक्षा 12 वीं में उत्कृष्ठ अंक अर्जित कर परिवार, स्कूल, जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने वाले बेटे-बेटियों को सरकार जल्द ही स्कूटी प्रदान करेगी, जिससे कि वह स्कूटी से कॉलेज जा सके। इस दौरान सीएम ने वर-वधूओं को सुखद वैवाहिक जीवन का आर्शीवाद प्रदान करते हुए हमेशा खुश रहने व परिवार का नाम ऊंचा करने का संदेश दिया।

बेटियों को आशीर्वाद देने मूसलाधार बारिश में भी पहुंचे सीएम

गिल्लौर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान समारोह में सीएम हेलीकाप्टर से सम्मिलित होने के लिए पहुंचने वाले थे। अचानक ही बरसात शुरू होने के बाद सीएम के कार्यक्रम में फेरबदल हुआ और वह बेटियों को आशीर्वाद देने के लिए मूसलाधार बारिश में कार से पहुंचे। वह तय समय से लगभग डेढ़ घंटा लेट पहुंचे। बेटियों के विवाह समारोह में सम्मिलित होने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने अन्य तय कार्यक्रमों में भी फेरबदल किया। तेज बरसात को देखकर ऐसा लग रहा था कि सीएम के आने का कार्यक्रम टल सकता है। लेकिन वह बेटियों को आशीर्वाद देने के लिए कार से पहुंचे।

Views Today: 2

Total Views: 140

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!