Skip to content
Sunday, 1 November 2026
हरदा

अंतिम छोर तक पानी और किसानों को निर्धारित समय पर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश

2 min read
31
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिले में किसान संगठनों के साथ आयोजित की जा रही नियमित बैठकों के क्रम में शनिवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरोत्तम भार्गव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं, सिंचाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और उर्वरक उपलब्धता सहित कृषि से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में सीईओ भार्गव ने कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं कृषि विज्ञान केंद्र सहित कृषि से संबंधित विभागों के अधिकारियों को सप्ताह में तीन दिन गांवों का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी दें तथा उनकी समस्याएं सुनकर निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।
सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली और नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने पर जोर
सीईओ ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि रबी सिंचाई सीजन में बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए। किसानों को निर्धारित समय तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत लाइनों एवं उपकरणों के रखरखाव के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित न हो। नहरों से सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि टेल एरिया यानी नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नहरों के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्य की प्रगति की जानकारी भी दी गई।
ई-टोकन और उर्वरक उपलब्धता की जानकारी
बैठक में उप संचालक कृषि ने ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया तथा जिले में उर्वरक की उपलब्धता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष महेश शर्मा, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के रोहित जाट, प्रांत मंत्री रामनिवास खोरे, अशोक खोरे, रामभरोस मुंडेल, राम इनानिया, सुनील गोल्या, दिनेश लेगा, राजेश गुर्जर, अमित चार, अखिलेश जाट व दिलीप गौर सहित विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply