अनोखा तीर, बैतूल। सागौन तस्करों के खिलाफ लगातार चलाई जा रही मुहिम के अंतर्गत शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तड़के लगभग 4 बजे दक्षिण वन मंडल के अमले ने सागौन से भरे वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। सागौन से भरे वाहन को पकड़ने के लिए गश्ती दल को कड़ी मशक्कत करना पड़ा। जब वन अमला तस्कर को पकड़ने घेराबंदी कर बैठा था, इसी दौरान तस्कर ने मौके से भागने का प्रयास किया। जिनका वन अमले ने लगभग दो किमी पीछा किया। जनोना बेरियर के स्टॉफ को सजग कर बेरियर बंद करवाया। इस दौरान तस्कर मौका देखकर फरार हो गया। पकड़े गए अशोक लीलैंड वाहन में करीब डेढ़ लाख का 21 नग सौगान भरा हुआ था। वन अमले ने वाहन जब्त कर तस्कर के खिलाफ वन अपराध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल वन विभाग द्वारा सागौन तस्कर की तलाश की जा रही है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 17 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त होने पर वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल बैतूल विजयानन्तम टीआर भा.व.से. के मार्गदर्शन में उपवनमंडलाधिकारी भैंसदेही आशीष बनसोड़ के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी सावलमेंढ़ा (सा.) अधिनस्थ स्टॉफ द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम रैयतवाड़ी के समीप प्राथमिक विद्यालय के सामने, रात्रि गश्ती के दौरान लगभग 3.30 बजे ग्राम डेडवाकुंड की ओर से एक वाहन आते दिखाई दिया। वाहन को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया किन्तु वाहन चालक द्वारा अति तीव्र गति से अवरूद्ध मार्ग को क्रास कर भागने लगा। शंका के आधार पर वाहन का पीछा किया। जनोना बेरियर के स्टॉफ को सजग कर बेरियर बंद करवाया गया। ग्राम धाबा में अज्ञात वाहन चालक द्वारा वाहन छोड़कर भागने की सूचना ग्रामीणों से प्राप्त हुई, टीम ने मौका स्थल पर पहुंचकर वाहन क्रमांक एमएच बीएक्स 6438 अशोक लिलेंड को अवैध वनोपज सागौन चरपट के साथ जप्त कर परिक्षेत्र सावलेंढ़ा परिसर लाया। वाहन में सागौन चरपट 21 नग 2.512 घमी वनोपज जप्त किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 44 हजार 306 रुपए आंकी गई। जिसका पीओआर क्रमांक 547/53 दिनांक 18 जून 2023 जारी किया गया। वन अपराध अधिनियम 1927 मप्र वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम 1969 के तहत कार्यवाही की जा रही है एवं अपराधी की तलाश जारी है।

