
अनोखा तीर, भोपाल। किसान भाई धरती पुत्र हैं, धरती को बचाने की सबसे अधिक जिम्मेदारी उन पर है। विश्व पर्यावरण दिवस पर एक करोड़ 20 लाख पौधे लगाने का अभियान आरंभ कर किसानों ने इस दिवस को सार्थक कर दिया है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विश्व पर्यावरण दिवस पर नर्मदापुरम जिले के सिवनीमालवा के आवली घाट में रुपई एग्रो फाउंडेशन प्राइवेट लिमिटेड के नर्मदा संरक्षण संकल्प एवं नि:शुल्क कृषक दुर्घटना बीमा वितरण समारोह के वर्चुअल शुभारंभ अवसर पर कही। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पौध-रोपण के इस अभियान से जुड़ी बीएनवी एडवाईजरी डायरेक्टर संदीप राय चौधरी और आईएमपीसीए के डायरेक्टर विक्रांत तिवारी को भी धन्यवाद प्रेषित किया। मुख्यमंत्री ने उन 22 हजार किसानों का भी अभिनंदन किया जिन्होंने इस वृहद पौधरोपण कार्यक्रम में अपने खेतों की मेढ़ों पर पौधे लगाने की सहमति प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रूपई एग्री फॉरेस्ट के संचालक गौरीशंकर मुकाती की तुम मुझे मेढ़ दो-मैं तुम्हें पेड़ दूंगा की पहल की सराहना कर उन्हें पेड़ बाबा की उपाधि दी। उन्होंने कहा कि हमें प्रकृति के शोषण नहीं दोहन का दृष्टिकोण अपनाना होगा। उल्लेखनीय है कि माखन नगर, इटारसी, डोलरिया, नर्मदापुरम, सीहोर, रेहटी और भैरूंदा के 22 हजार किसानों द्वारा अपने खेतों में अभियान चला कर पौध-रोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित कृषि मंत्री कमल पटेल ने रुपई द्वारा किए जा रहे इस पौधरोपण अभियान में शामिल व्हीएनव्ही के डायरेक्टर संदीप राय चौधरी और आईएमपीसीए के डायरेक्टर विक्रांत तिवारी को अपना छोटा भाई बताते हुए उनके द्वारा कार्बन ट्रेडिंग के माध्मय से विदेशों से फंड लाकर प्रदेश में वृहद पैमाने पर कराए जा रहे इस पौधरोपण कार्य की सराहना की। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने इस पौधरोपण कार्य में अग्रणी भूमिका निभाने वाली महिलाओं की टीम को सम्मानित किया। वहीं निशुल्क कृषक दुर्घटना बीमा के प्रमाण पत्र किसानों को वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौरीशंकर मुकाती ने बताया कि वर्ष 2030 तक 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प है। इस कार्य में जुड़े सभी किसानों को दुर्घटना बीमा भी प्रदान किया जाएगा। म.प्र. पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रतिदिन पौधा लगा कर पर्यावरण-संरक्षण के लिए व्यक्तिगत स्तर पर सार्थक प्रयास का श्रेष्ठ उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रदेशवासियों को भी मुख्यमंत्री श्री चौहान से प्रेरणा लेकर विशेष अवसरों पर पौध-रोपण अवश्य करना चाहिए। विशेषज्ञ संदीप राय ने कार्बन क्रेडिट के महत्व और डायरेक्टर आईएमपीसी विक्रांत तिवारी ने पौध-रोपण से पर्यावरण तथा जैव विविधता के सरंक्षण संबंधी जानकारी दी। विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान धर्माचार्य, संत एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।


अनोखा तीर के ‘तपती धरतीÓ विशेषांक का मुख्यमंत्री ने किया विमोचन
५ जून २०११ को मध्यप्रदेश के सबसे छोटे जिले हरदा से प्रारंभ हुआ दैनिक अनोखा तीर ने आज अपनी निरंतरता के १३वें वर्ष में प्रवेश किया है। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जन जागृति पैदा करने के लिए विश्व पर्यावरण दिवस पर दैनिक अनोखा तीर द्वारा ‘तपती धरतीÓ विशेषांक का प्रकाशन किया गया। जिसका विमोचन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा वर्चुअली उपस्थित होकर किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अनोखा तीर की तारीफ करते हुए कहा कि गत वर्ष भी आपके समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित किए गए पर्यावरण संरक्षण के विशेषांक का विमोचन भी मेरे द्वारा ही किया गया था। मुख्यमंत्री ने अनोखा तीर की वर्षगांठ पर अनोखा तीर परिवार को बधाई दी।
Views Today: 2
Total Views: 84

