अनोखा तीर, खंडवा। मौसम में बदलाव के साथ रविवार देर रात को चली आंधी ने तांडव मचा दिया। शहर में आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर पेड़ गिर गए। वहीं खानशाहवली वार्ड में कच्चे घर पर निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से टीन की छत और मलबे में दबने से एक परिवार के दो बच्चे घायल हो गए। तत्काल उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात करीब दो बजे चली आंधी से खानशाहवली वार्ड में गौसिया मस्जिद के पास एक निर्माणाधीन मकान की दीवार पास ही रहने वाले मौलाना आसिफ के घर पर गिर गई। टीन की छत पर दीवार गिरते ही चीख-पुकार मच गई। घर में मौलाना आसिफ और उनकी पत्नी हुसैना बी के अलावा दो बच्चे भी थे जो मलबे में दब गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद शब्बीर कादरी भी पहुंचे। उन्होंने हादसे में घायल आठ वर्षीय शेख असद रजा को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। छह वर्षीय शेख अजहर रजा को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले गए। हालांकि कुछ देर बाद उसे होश आ गया। अधिक चोट नहीं होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद अजहर को छुट्टी दे दी गई। परिवार के मौलाना आसिफ ने बताया कि हम सोये हुए थे, अचानक धड़ाम की आवाज के साथ टीन की छत हम पर आ गिरी। गनीमत रही कि हादसे में जनहानि नहीं हुई। इधर आंधी के चलते शहर के किशोर नगर उद्यान में वृक्षों की भारी भरकम शाखाएं टूटकर कार एवं मोटरसाइकिल पर आ गिरी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी जनहानि एवं माल की छति नहीं हुई। इसी तरह नाकोड़ा नगर, पीडब्ल्यूडी कालोनी, शिक्षक नगर, बृज नगर और पालीटेक्निक कालेज के सामने पेड़ गिर गए। निगम की टीम सुबह से अलग-अलग स्थानों पर पेड़ हटाकर आवागमन सुचारू करने में लगी रही।
Views Today: 2
Total Views: 70

