हजारों भक्तों के बीच निकला संतों का शाही चल समारोह

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

विकास पवार, बड़वाह। नर्मदा के उत्तरी तट स्थित सुंदरधाम डेहरिया आश्रम में विगत कुछ माह से प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 75वें श्री विष्णु महायज्ञ अमृत महोत्सव की तैयारी जोर शोर से चल रही थी। जिसके बाद इस महायज्ञ का आगाज बुधवार सुबह 8 बजे नागेश्वर मंदिर परिसर से संतो की शाही पेशवाई के साथ हुआ। जिसमें गजराज व अश्वों की अगुवाई में स्थानीय और आसपास की 1100 से अधिक महिलाए कलश शिरोधार्य कर चल समारोह में शामिल हुई। वहीं रथों पर सुशोभित संत-महात्माओं की उपस्थिति में नगर में अपार वैभव नजर आया। पुण्य के साक्षी बने शहरवासियों ने शीश नवाकर चरण वंदन किए। जबकि पेशवाई के दौरान नगर में लगे सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के मंच से भक्तों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत अभिनंदन किया। इस मौके पर पूरा यात्रा मार्ग का माहौल कुंभमय नगर आया। शाही पेशवाई का नेतृत्व श्री 1008 महंत माधवाचार्य जी महाराज डाकोर इंदौर खालसा और श्री1008 महामंडलेश्वर श्री बालकदास जी महाराज और श्री नारायण दास जी महराज ने किया। जबकि पीछे चल रहे करीब 20 से अधिक बग्गियों में जगतगुरु, महामंडलेश्वर सहित अन्य संत-महात्मा विराजमान रहे। इस दौरान पेशवाई का एमजी रोड पर अनेकों जगह नगरवासियों ने जोरदार स्वागत किया। इस माहौल में दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। नगर के मुख्य मार्गों पर बिछी कालीन, गुब्बारों और भगवा ध्वज से यात्रा मार्ग को सजाया गया। इस अवसर पर नागेश्वर मंदिर से लेकर नगर के जय स्तंभ चौराहे तक हर तरफ भक्तों की आस्था का सैलाब संतो के स्वागत, सम्मान और अभिनंदन करने के लिए आतुर नजर आया। जबकि कई भक्तों ने यात्रा मार्ग पर जलपान, शरबत और फरियाली प्रसाद का वितरण किया।

संत-महात्माओं का किया सम्मान

शाही पेशवाई के चल समारोह में क्षेत्रीय सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, पूर्व विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी, राजकुमार मेव और कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरुण यादव, नगर मंडल पदाधिकारी भी शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों ने बग्गी में विराजमान संत महात्माओं को पुष्पमाला पहनाकर दर्शन लाभ लिया। उल्लेखनीय है कि शाही पेशवाई का समापन कालेज ग्राउंड परिसर में हुआ। जहां श्री नारायणदास जी महाराज ने जनप्रतिनिधियों के साथ पौधारोपण किया।

पेशवाई में यह रहे आकर्षण का केंद्र

नागेश्वर मंदिर से नर्मदा रोड स्थित शासकीय कालेज तक निकलने वाली पेशवाई ढोल-ढमाकों की गर्जना के साथ निकली। जिसमें हाथी, घोड़े, बाहरी क्षेत्रों से आए बैंड, नासिक की ख्याति प्राप्त महिला-पुरुषों की शिव गर्जना ढोल पार्टी, जलगांव व भुसावल की झांझ मंजीरा पार्टी नगर में आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायक गोपाल मिश्रा की टीम ने चल समारोह में अपने सुमधुर संगीतमय भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उल्लेखनीय है कि श्री विष्णु महायज्ञ के प्रथम दिवस गणेश पूजन हुआ। जिसके बाद भंडारे प्रसादी का आयोजन हुआ। बता दें इस सात दिवसीय आयोजन में स्थानीय और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को आश्रम जाने के लिए आज से छ: दिनों तक निशुल्क बस सेवा की जाएगी। जो नर्मदा रोड स्थित पूर्णिमा हॉस्पिटल से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे आश्रम के लिए रवाना होगी।

Views Today: 2

Total Views: 90

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!