
मुक्तिधाम में चिता सजाने के बाद पता चला वह तो जिंदा है
-वासुदेव समाज ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर जताया कड़ा विरोध
अनोखा तीर, खरगोन। जिम्मेदारी और भरोसे की प्रतीक मानी जाने वाली खाकी की एक भयंकर लापरवाही ने पूरे समाज को मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक शर्मिंदगी के दौर से गुजरने पर मजबूर कर दिया। जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मियों ने बिना पुष्टि किए आईसीयू में भर्ती एक जीवित व्यक्ति को न केवल मृत घोषित कर दिया, बल्कि परिजनों को यहां तक कह दिया कि शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया गया है। अगले दिन जब दूर-दराज से आए रिश्तेदार और समाजजन मुक्तिधाम में लकड़ी-कंडे सजाकर शव लेने अस्पताल पहुंचे, तो पता चला कि जिस व्यक्ति की चिता सजाई जा रही थी, वह तो आईसीयू में जीवित है और उसका इलाज चल रहा है।
क्या है पूरा मामला?
वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान द्वारा पुलिस अधीक्षक (एसपी) को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, समाज के राजेंद्र चौहान उम्र लगभग 50 वर्ष पिछले एक माह से जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हैं। 22 नवंबर 2026 की शाम करीब 4.40 बजे अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ हेड कांस्टेबल अ. वहाब खान ने समाज अध्यक्ष को फोन कर सूचना दी कि राजेंद्र चौहान की मृत्यु हो गई है। जब अध्यक्ष ने दोबारा फोन कर शव के बारे में पूछा, तो हेड कांस्टेबल ने स्पष्ट कहा कि शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया गया है और हेड कांस्टेबल माधव सिंह को जानकारी दे दी गई है, सुबह 8 बजे शव ले जाएं। हद तो तब हो गई जब शाम 4.50 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष से भी फोन कर मौत की पुष्टि कर दी गई।
मुक्तिधाम में सज गई थी चिता, दूर-दराज से आ गए थे रिश्तेदार
पुलिस की आधिकारिक पुष्टि पर भरोसा करते हुए समाज के सोशल मीडिया समूहों में शोक संदेश प्रसारित कर दिए गए। 23 नवंबर 2026 की सुबह मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए लकड़ी और कंडे तक की व्यवस्था कर ली गई। खबर सुनकर बड़वानी, खंडवा, नागपुर, बुरहानपुर और शिप्रा सहित कई शहरों से रिश्तेदार और समाजजन अपने कामकाज छोड़कर अंतिम यात्रा में शामिल होने खरगोन पहुंच गए। लेकिन जब सभी लोग शव लेने अस्पताल पहुंचे, तो हकीकत जानकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—राजेंद्र चौहान जीवित हैं।
लीपापोती करते दिखे पुलिसकर्मी
समाजजनों का आरोप है कि जब वे इस गंभीर चूक का जवाब मांगने अस्पताल पुलिस चौकी पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी अपनी गलती मानने के बजाय एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोपकर मामले की लीपापोती करने लगे।
तीन पुलिसकर्मियों पर गाज गिराने की मांग
इस घटना से आक्रोशित वासुदेव समाज ने 23 नवंबर को एसपी को ज्ञापन सौंपकर इस पूरे मामले के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार तीन पुलिसकर्मियों— हेड कांस्टेबल अ. वहाब खान, जितेंद्र रावत और माधव सिंह को तत्काल चौकी के दायित्व से हटाने और उन पर कठोर दंडात्मक व विभागीय कार्रवाई करने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यह केवल एक गलत सूचना नहीं, बल्कि पूरे समाज की भावनाओं से खिलवाड़ है, जिसकी भरपाई किसी औपचारिक माफी से नहीं हो सकती।







