
-गुरुद्वारों में गूंजे गुरुवाणी के स्वर
-गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ के बाद सजा कीर्तन दीवान
-सिंधी समाज ने प्रभात फेरी, महाआरती, भंडारे और व्यंजन मेले का किया आयोजन
अनोखा तीर, हरदा। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को हरदा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के गुरुद्वारा साहिब सहित सिंधी समाज द्वारा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से देर रात तक धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। बड़ी संख्या में समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने कार्यक्रमों में शामिल होकर गुरु नानक देव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। प्रकाश पर्व के मुख्य अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में सुबह 9.30 बजे अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई। इसके पश्चात कीर्तन दीवान सजाया गया। गुरुवाणी के मधुर स्वर और गुरु साहिब के उपदेशों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इस अवसर पर अटूट लंगर का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
प्रभात फेरी से हुई कार्यक्रमों की शुरुआत
सिंधी समाज हरदा द्वारा भी प्रकाश पर्व पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किए गए। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 5 बजे सिंधी कॉलोनी से प्रभात फेरी के साथ हुई। इसके बाद सुबह 8.30 बजे झूलेलाल मंदिर परिसर में महाआरती, कीर्तन एवं प्रसाद वितरण किया गया। सुबह 9.30 से 10.30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था रही। सुबह 11 बजे भोग साहिब का आयोजन किया गया।
भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की प्रसादी
दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक भंडारा (लंगर साहिब) आयोजित किया गया, जिसमें समाजजनों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। शाम 5 बजे शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं रात 8 बजे युवा ग्रुप द्वारा नि:शुल्क व्यंजन मेले का आयोजन किया गया।
सेवा, समानता और भाईचारे का दिया संदेश
गुरु नानक देव ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से मानवता, आपसी भाईचारे, ईमानदारी से मेहनत करने, जरूरतमंदों की सेवा करने और मिल-बांटकर खाने का संदेश दिया। प्रकाश पर्व पर आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भी इन्हीं शिक्षाओं की झलक दिखाई दी। कीर्तन, लंगर, प्रभात फेरी और शोभायात्रा के माध्यम से समाजजनों ने गुरु नानक देव के आदर्शों को याद किया।






