-खातेगांव टीआई की मौत के बाद एसपी ने लिया फैसला, मुकेश गौड़ लाइन अटैच
अनोखा तीर, हरदा। एसपी अंकित जायसवाल ने सोमवार शाम को टिमरनी थाने का प्रभारी बदल दिया है। पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक विनोद कुमार नागर को थाने की जिम्मेदारी दी गई है। मौजूदा टीआई मुकेश गौड़ को लाइन अटैच किया गया है। यह फैसला टिमरनी की शराब दुकान से अवैध शराब ले जा रहे ट्रक की चपेट में आने से खातेगांव थाने के टीआई दिलीप पुरी की मौत के बाद लिया गया। जानकारी के मुताबिक, टिमरनी के सोडलपुर रोड पर स्थित शराब दुकान से अवैध रूप से शराब गुजरात भेजी जा रही थी। ट्रक ड्राइवर ने खातेगांव टीआई दिलीप पुरी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी थी। इस मामले में 9 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआत में 13 लोगों को हिरासत में लिया गया था। शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अन्य नाम और संदिग्ध भी जांच के दायरे में हैं।






