अनोखा तीर, करताना। मंगलवार शाम करीब 6.30 बजे करताना विद्युत पावर हाउस के पास बिजली के खंभे पर फॉल्ट सुधारने का कार्य कर रहा आउटसोर्स कर्मचारी करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया। हादसे में कर्मचारी महेंद्र उर्फ कालू 25 वर्ष, पिता हरिओम, निवासी करताना घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे निजी वाहन से उपचार के लिए हरदा लेकर पहुंचे, जहां निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शी मनीष पवार ने बताया कि घटना के समय वह अपने दोस्तों के साथ घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर था। इसी दौरान खंभे से किसी के गिरने की आवाज आई। देखने पर कर्मचारी कालू नीचे गिरा हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार, कर्मचारी जिस समय खंभे पर काम कर रहा था, उस दौरान विद्युत सप्लाई चालू थी। हालांकि, कर्मचारी के गिरने के बाद बिजली में फॉल्ट हुआ। घटना के संबंध में करताना के जेई रामकुमार मेश्राम ने बताया कि उन्हें भी कुछ देर पहले ही महेंद्र नामक कर्मचारी को करंट लगने की जानकारी मिली है। कर्मचारी करीब छह महीने पहले आउटसोर्स के माध्यम से कार्य पर लगा था। घटना के संबंध में अन्य जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है।
बिजली के खंभे से गिरा आउटसोर्स कर्मचारी, गंभीर हालत में हरदा रेफर






