-खिरकिया ब्लॉक में जुटी प्रस्फुटन समितियां, प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित
अनोखा तीर, खिरकिया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की चयनित नवांकुर संस्था युवा उपभोक्ता कल्याण समिति के तत्वावधान में ग्राम पंचायत बावड़िया में प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय शक्ति संचय अभियान अंतर्गत क्षमतावर्धन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सेक्टर क्रमांक-2 मांदला की समस्त प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक संदीप गौहर ने समितियों के दस्तावेजीकरण, गतिविधियों के रिकॉर्ड संधारण एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही ग्राम विकास के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया। ब्लाक समन्वयक विनीता शाह ने जन अभियान परिषद की अवधारणा परिचय व उद्देश्यों के बारे में बताया। नवांकुर संस्था प्रभारी संजय गंगराड़े ने प्रस्फुटन समिति का स्वयंसेवी संगठन के रूप में उन्नयन, मेंटर सुरेंद्र विश्नोई ने संवाद कौशल, आवश्यकता एवं तकनीकी से सभी समितियों के सदस्यों को अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रस्फुटन समितियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। युवा उपभोक्ता कल्याण समिति जिला अध्यक्ष संजय गंगराड़े ने कहा कि हमें सरकार और समाज के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करना है। शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारा प्रयास होना चाहिए। हमारे एक छोटे से प्रयास से किसी के चेहरे पर मुस्कान आ जाए, यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में जिला समन्वयक संदीप गौहर, विकासखंड समन्वयक विनीता शाह, ग्राम पंचायत सरपंच राहुल कलम, मेंटर्स ऋषि बिश्नोई, मनोज राय सहित समितियों के सभी पदाधिकारी, सदस्य पवन बघेला, दीपेंद्र देवड़ा, आत्माराम मीणा, राजेंद्र मीणा, सुनील मालवीय, दीपक सोनेर, हर्ष राजपूत, महेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।







