-सिंचाई के लिए समुचित बिजली मिले
अनोखा तीर, हरदा। जिले में किसान संगठनों की नियमित बैठकों के क्रम में मंगलवार को कलेक्टर कुमार सत्यम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने उर्वरक की उपलब्धता की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और कहा कि किसानों को डीएपी के विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया जाए। इसके लिए कृषि विभाग रोस्टर बनाकर ग्रामवार जागरूकता शिविर आयोजित करे। जिले में उर्वरक की कमी नहीं आने दी जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि रैक लगने के 48 घंटे के अंदर पीओएस पर उर्वरक की उपलब्धता दिखे ताकि यथा समय आरओ जनरेट हो सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक शशांक, सीईओ जिला पंचायत नरोत्तम भार्गव सहित कृषि, सहकारिता, जल संसाधन, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। कतिपय स्थानों पर सिंचाई के लिए 10 घंटे विद्युत आपूर्ति नहीं होने की जानकारी पर कलेक्टर ने विद्युत विभाग को समुचित आपूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वय से बकायादार किसानों से बिजली बिल जमा कराया जाए ताकि आपूर्ति में अड़चन न हो। बिजली से संबंधित हर शिकायत का उनके द्वारा फॉलोअप किया जाएगा। नहरों से सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टेल क्षेत्र के किसानों को भी यथासंभव सिंचाई का पानी मिले। सिंचाई संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए शिकायत निवारण प्रकोष्ठ प्रभावी रूप से काम करे और किसानों की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण समाधान हो। बैठक में अमानक खाद एवं कीटनाशक दवाइयों के विक्रय पर कड़ाई से रोक लगाने और ऐसे विक्रेताओं पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने किसान संगठनों के प्रतिनिधियों से प्राप्त समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान राष्ट्रीय किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनिल चौधरी, संभाग अध्यक्ष राजू कमेड़िया सहित संगठन प्रतिनिधि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कुमार सत्यम एवं जिला पंचायत सीईओ भार्गव द्वारा प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से विभिन्न किसान संगठनों की बैठक आयोजित कर समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।







