-एसडीएम को सौंपा आवेदन, निराकरण न होने पर आंदोलन की चेतावनी
अनोखा तीर, टिमरनी। जनसुनवाई केंद्र टिमरनी में पार्षद सुनील दुबे ने अनुविभागीय अधिकारी के नाम तहसीलदार देवशंकर धुर्वे को आवेदन सौंपा। आवेदन एमपीआरडीसी द्वारा टिमरनी-नर्मदापुरम मार्ग के निर्माण में की जा रही मनमानी को लेकर दिया गया। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि लगभग 8 दिन पूर्व नर्मदापुरम रोड वार्ड नंबर 03 में निर्माणाधीन कंपनी द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। कंपनी द्वारा बिना किसी सीमांकन, चिन्हित किए मनमाने तरीके से अतिक्रमण हटाया जा रहा है और रोड की खुदाई एक ओर ज्यादा, एक ओर कम की जा रही है। रोड के मध्य का कोई निश्चित स्थान भी तय नहीं किया गया है। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने से पूर्व राजस्व, नगरीय प्रशासन द्वारा मुनादी, नोटिस दिया जाता है, लेकिन यहां ठेकेदार द्वारा जबरन तोड़फोड़ की जा रही है। दीपावली त्योहार के पूर्व घरों और दुकानों के सामने खुदाई कर दी गई है, जिससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इस मार्ग पर ब्रिज निर्माण कार्य चलने से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। पार्षद सुनील दुबे ने मांग की है कि निर्माण कंपनी ने स्थानीय राजस्व विभाग एवं नगरीय प्रशासन को अवगत कराया है या नहीं, इसकी जांच कर संबंधित एजेंसी पर उचित कार्रवाई की जाए। यदि प्राथमिकता से ध्यान नहीं दिया गया तो आमजन के साथ शीघ्र आंदोलन किया जाएगा। तहसीलदार धुर्वे ने आवेदन प्राप्त कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया है।







